तेज आंधी से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। कई क्षेत्रों में शनिवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। कई खंभे उखड़ गए हैं। बिजली के तार गिर गए। इससे गर्मी में बेहतर सप्लाई की व्यवस्था भी बाधित होगी।
गोरखनाथ, इंडस्ट्रियल एरिया के पूर्वी एवं पश्चिमी फीडर, राजेंद्रनगर, जनप्रिय विहार, विकास नगर, विस्तार नगर, बुद्धा एवं मानीराम फीडर शुक्रवार पूरी रात बंद रहे। इससे करीब 30 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरी रात जागकर बीतानी पड़ी है। शनिवार को दोपहर तीन बजे तक हेचरी फीडर की आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी थी।
रुस्तमपुर क्षेत्र के सेंट लारेंस स्कूल के पास आंधी की वजह से पेड़ टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया था। इससे कुछ इलाकों में उपभोक्ताओं को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। राप्तीनगर के खरैया पोखरा, राप्ती नगर फेज तीन, रामजानकी नगर समेत कुछ इलाकों में आंधी की वजह से बिजली आपूर्ति ठप रही है। एसडीओ रुस्तमपुर प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि सेंट लारेंस स्कूल के पास ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरने के कारण आपूर्ति बाधित रही।
कई महीनों से हो रहा है सुधार कार्य
बिजली विभाग की तरफ से लगातार मरम्मत की जा रही है। कभी खंभे बदलने की वजह से तो कभी बिजली के पुराने तारों के बदलने के लिए अलग-अलग इलाकों में घंटों कटौती होती है, लेकिन आंधी से सच्चाई सामने आ गई। विभागीय सूत्रों ने बताया कि कुछ इलाकों में तो जल्द ही काम किया गया था, लेकिन फिर भी खंभे और तार गिरने की सूचनाएं मिली हैं।