दो जगहों पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहला हादसा सहजनवां में हुआ, जब मार्निंग वाक के दौरान कार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। कार में शव फंसकर काफी दूर तक घिसटता रहा। उधर, खोराबार के रामनगर कड़जहा के पास ट्रक ने बाइक सवार भाइयों को कुचल दिया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिसके कारण एक की जान चली गई।
सहजनवां के चकिया तिवारी टोला निवासी रामप्रसाद शुक्ल (62) रिटायर्ड स्वास्थ्य कर्मी थे। शुक्रवार सुबह फोरलेन पर वह मार्निंग वाक करने निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित कार ने उन्हें कुचल दिया। घटनास्थल पर ही रामप्रसाद की मौत हो गई। हादसे के बाद शव गाड़ी के चेंबर में फंस गया, मगर कार चालक गाड़ी रोकने के बजाय शव को घसीटते हुए काफी दूर तक चला गया। स्थानीय लोगों ने कार चालक का पीछा किया, तो चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
वहीं खोराबार के भैसहा ढोढरा टोला बनिया निवासी जयराम गुप्ता (32) छोटे भाई अनिरुद्ध (30) के साथ शुक्रवार शाम छह बजे करीब गोरखपुर से बाइक से घर लौट रहे थे। कड़जहा चौराहे के पास देवरिया की तरफ से आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, मगर रास्ते में ही जयराम मौत हो गई। दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। दोनों भाई साथ में शटरिंग का काम करते थे।