गोरखपुर। ताजमहल पर भाजपा विधायक संगीत सोम के बयान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को किनारा कर लिया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कौन क्या कहता है, यह हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं। भारत के मजदूर और कारीगरों की खून-पसीने की कमाई से ताजमहल का निर्माण हुआ है। विरासत को संरक्षित और सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी सरकार की है। इसका बखूबी निर्वहन किया जाएगा। देश, विदेश से लाखों वहां पर्यटक आते हैं। पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण इस शहर को और विकसित किया जाएगा। ताजमहल के पास रबर डैम बनाने का फैसला किया गया है। ताजमहल से आगरा फोर्ट तक पाथवे का निर्माण भी कराया जाएगा।
गोरखपुर के चरगावां में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लोकार्पण और कोल्हुआघाट पुल के शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक रूप से प्रसिद्ध शहरों को पर्यटन के नक्शे पर लाया जाएगा। लखनऊ के कुकरैल और उन्नाव के पक्षी विहार को पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाना है। मथुरा, वाराणसी, झांसी, मिर्जापुर, देवीपाटन और कुशीनगर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 अक्तूबर को चित्रकूट जाएंगे और तमाम विकास योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण करेंगे। 26 अक्तूबर को आगरा जाना है। ताजमहल, आगरा और उसके आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए 370 करोड़ रुपये की परियोजना बनाई गई है। इसका शिलान्यास लोकार्पण किया जाएगा। ताजमहल यमुना नदी के किनारे बना है। इसकी नींव लकड़ी पर डाली गई है। यमुना की धार तेज हुई तो ताजमहल को खतरा होगा। इसको देखते हुए ही रबर डैम और पाथवे के निर्माण का फैसला हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दिवाली पर वाराणसी जाने का कार्यक्रम बनाया है।
आजादी के बाद मनेगा 23 गांवों में जश्न
गोरखपुर और महराजगंज के 23 गांवों में आजादी के बाद दिवाली का जश्न मनेगा। वनटांगिया से संबंधित इन गांवों को भाजपा सरकार ने राजस्व ग्राम का दर्जा दे दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच गांव गोरखपुर के हैं। इन्हीं गांवों में मुख्यमंत्री 19 अक्तूबर को दिवाली भी मनाएंगे। महराजगंज के 18 गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया है। इसका औपचारिक एलान दिवाली के दिन ही किया जाएगा
आजम, ओवैसी की नकारात्मक राजनीति पर तरस
आगरा के ताजमहल और दिल्ली के लाल किले पर सांसद असदुद्दीन औवैसी, पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के बयान पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों की बात गंभीरता से नहीं ली जानी चाहिए। नकारात्मक राजनीति की जगह अब समाज में नहीं है। जो लोग ओवैसी और आजम को गंभीरता से लेते हैं, उनपर तरस आता है। यदि एजेंडा यही तय करते हैं तो माफ कीजिएगा। बताते चलें कि सपा नेता आजम खान और आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा विधायक संगीत सोम के ताजमहल पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी थी। कहा था कि लाल किला भी मुगलों ने बनवाया था, क्या उसे भी ढहाएंगे। इसी पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टिप्पणी की है।
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। लेजर शो से रामायण के चित्र दिखाए जाएंगे। रामलीला भी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या विरासत का हिस्सा है। इसे दुनिया के नक्शे पर लाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार है। रामजन्म भूमि और अयोध्या का महत्व सब जानते हैं। करोड़ों श्रद्धालु आते हैं। इसी वजह से भव्य कार्यक्रम किया जा रहा है। इससे अयोध्या के प्रति पर्यटक, श्रद्धालुओं का आकर्षण बढ़ेगा। सरयू नदी के संरक्षण की कार्य योजना भी बनी है।