गोरखपुर।
हमसफर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के कोच से ताबड़तोड़ कॉपर वायर की चोरी की घटनाओं के बाद भी लापरवाही बरतने के आरोप में आरपीएफ इंस्पेक्टर केएन तिवारी को सस्पेंड कर दिया गया है। उनकी जगह वर्कशाप इंस्पेक्टर मंजूर अली अंसारी को कार्यभार सौंपा गया है।
रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में रेल संपत्ति की चोरी के साथ ही ट्रेनों के कोच से कॉपर वायर के चोरी होने की घटनाएं काफी बढ़ गई थीं। पिछले दिनों हमसफर एक्सप्रेस के कोच से भी वायर काटकर चोर चुरा ले गए थे। कोच को बाद में कंडम घोषित कर हटाना पड़ा था। इसके अलावा चारफाटक वर्कशाप के पास खड़ी एक रेक के कई कोच से कॉपर वायर चुरा लिए गए थे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गार्ड और ड्राइवर के बक्से से सामान भी चोरी हुए थे। गार्ड शीतल प्रसाद ने केस दर्ज कराने के बाद इसकी शिकायत अधिकारियों से की थी लेकिन किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। चोरी की इन घटनाओं के पर्दाफाश को लेकर इंस्पेक्टर को कई बार अधिकारियों ने हिदायत दी थी। सोमवार को लखनऊ मंडल के सीनियर डीएससी राजीव यादव ने इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया।
आरपीएफ के आईजी राजाराम ने बताया कि ट्रेनों के कोच से वायर चोरी के साथ रेल संपत्तियों की चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही थीं। इसके अलावा यात्रियों और व्यापारियों ने भी इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत की थी। मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई की गई है।