कुशीनगर। बृहस्पतिवार की देर शाम कप्तानगंज थाना क्षेत्र के इंदरपुर में ईंट-भट्ठा के सामने एक मिनी ट्रक और ट्रैक्टर - ट्राली की आमने - सामने की टक्कर हो गई। मिनी ट्रक से टकराने के बाद ट्रैक्टर - ट्राली पलट गई। इस हादसे में मिनी ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिनी ट्रक के खलासी सहित ट्रैक्टर - ट्राली पर बैठे सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेजी, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कप्तानगंज कस्बे के रहने वाले व्यवसायी परतावल बाजार में गल्ला बेचकर ट्रैक्टर - ट्राली से अपने घर लौट रहे थे। वे शाम को करीब साढ़े सात बजे कप्तानगंज-परतावल मार्ग पर इंदरपुर में ईंट भट्ठा के सामने पहुंचे थे कि तभी सामने से एक मिनी ट्रक आ पहुंचा। इन दोनों वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसके बाद ट्रैक्टर - ट्राली सड़क के किनारे पलट गई। इस हादसे में चालक की तत्काल मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी बेहोश पड़ा रहा। इस हादसे में 40 वर्षीय ट्रैक्टर चालक राजकुमार सिंह निवासी चकबंदी चौराहा कप्तानगंज, महेंद्र (35), राकेश (26), विद्यासागर (22), राजेश्वर (45), लालजी (45) और शोहरत (60) (सभी मेन मार्केट के निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाने की पुलिस पहुंची और वाहनों का कब्जे में लेने के साथ ही घायलों को एंबुलेंस से कप्तानगंज सीएचसी भेज दिया। वहां घायलों के प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मिनी ट्रक के खलासी के बेहोश होने के चलते उसका और चालक का नाम-पता मालूम नहीं हो सका।