गोरखपुर। सोमवार को सीएम शहर में थे और शहर के प्रमुख इलाकों में घंटों कटौती हुई। वह भी तब जब कि एक हफ्ते पहले ही गोरखपुर प्रवास के दौरान सीएम ने बिजली निगम के अधिकारियों से हर हाल में कटौती रोकने को कहा था। कटौती होने पर कार्रवाई की बात कही थी। सोमवार को यूनिवर्सिटी फीडर, टाउनहाल उपकेंद्र, लालडिग्गी उपकेंद्र, पादरी बाजार, रूस्तमपुर, फीडर से जुड़े कई इलाकों में सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक रुक-रुककर कटौती हुई।
सोमवार की सुबह अचानक 10 बजे आजाद चौक इलाके में आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर साढ़े दस बजे करीब बैंक रोड के पास 400 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इसी बीच रेलवे म्यूजियम के पास जंपर कट गया। जिसे शाम को अपराह्न करीब चार बजे दुरुस्त किया जा सका। लालडिग्गी फीडर में तकनीकी खामी की वजह से उसे दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक बंद रखा गया। इन सब फीडरों से जुड़े इलाकों में कटौती से लोग परेशान हो गए। पादरी बाजार इलाके में सोमवार दोपहर अचानक आपूर्ति ठप हो गई। काफी इंतजार के बाद भी जब आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी तो लोगों ने अधिकारियों को फोन किया। अधिकारी तेज हवा चलने की बात कर मामला टालते रहे।
बिजली दफ्तर में भी गुल रही बिजली
शहर के बीचोबीच वितरण खंड प्रथम का दफ्तर है। सोमवार की दोपहर यहां भी करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। बिल संबंधी काम के लिए गए लोगों को निराश लौटना पड़ा। इसके अलावा अधिकारी खुद गर्मी से बिलबिलाते दिखे।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।