अमर उजाला की अपराजिता मुहिम के तहत शपथ लेती छात्राएं ।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। उचित खानपान और सही जीवनशैली अच्छी सेहत का कारगर नुस्खा है। किशोरावस्था के दौरान बेटियों में हार्मोनल बदलाव तेजी से होते हैं। इसी उम्र में शुरू होने वाली माहवारी उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करती है। इससे डरने-झिझकने की जरूरत नहीं है। बस जरूरत है पौष्टिक आहार लेने और संतुलित जीवनशैली अपनाने की। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रीति गुप्ता का यह सुझाव अपराजिता बनने के लिए मूल मंत्र भी है।
अमर उजाला की अपराजिता मुहिम के तहत सोमवार को दिग्विजयनाथ एलटी प्रशिक्षण महाविद्यालय में सेहत की पाठशाला का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त अमित गुप्ता की पत्नी और जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ प्रीति गुप्ता ने छात्राओं से सीधे में कहा कि इस शानदार मुहिम का लाभ उठाएं। बिना झिझक सवाल करें और समस्याओं से निजात पाएं। फिर शुरू हुआ उन दिनों सहित कई विषयों पर सवाल-जवाब का सिलसिला। डॉ. प्रीति ने सभी शंकाओं का समाधान किया। कहा, मासिक धर्म के दौरान दर्द और रक्तस्राव स्वाभाविक है। अगर इसके चलते आपकी सामान्य दिनचर्या बाधित हो जाए तो गंभीर होने की जरूरत है। तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। इससे वर्तमान में होने वाली पीड़ा से मुक्ति तो मिलेगी ही भविष्य में होने वाली परेशानियों से भी बचाव हो सकेगा।
इस मौके पर डॉ. प्रीति ने बेटियों को ‘नारी गरिमा को अक्षुण्ण रखने की शपथ भी दिलाई। स्वागत डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने एवं आभार ज्ञापन डॉ. अनीता सिंह ने किया।