गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अब परिसर और विभाग की सारी गतिविधियां उपलब्ध रहेंगी। सप्ताह पूरे होने पर विभागाध्यक्ष सूचनाएं अपलोड कराएंगे। साथ ही फाइल प्रक्रिया और कार्यवाही की जानकारी भी देनी होगी। विभागों में लागू होने वाला नया पाठ्यक्रम भी अपलोड किया जाएगा।
सभी सूचनाओं को वेबसाइट पर अपलोड करने और इसकी मानीटरिंग की जिम्मेदारी ईडीपी प्रभारी प्रो विनय कुमार सिंह को दी गई है।
ये निर्णय कुलपति प्रो वीके सिंह की मौजूदगी में निगरानी समिति की बैठक में लिए गए। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए सभी विभागाध्यक्षों से नवनियुक्त एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर का आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो मांगा गया है।
बैठक में ऑनलाइन माइग्रेशन और प्रोविजनल सर्टिफिकेट के कार्य में तेजी लाने और जल्द माड्यूल बनाने के लिए तय एजेंसी को निर्देशित किया गया। बैठक में कुलसचिव सुरेश चंद्र शर्मा, परीक्षा नियंत्रक डॉ अमरेंद्र कुमार सिंह, अधिष्ठाता शिक्षा संकाय प्रो शोभा गोंड, ईडीपी सेल, कंप्यूटर सेंटर, यूजीसी अनुभाग, कमेटी अनुभाग के प्रभारी मौजूद रहे।