गोरखपुर। मोहदीपुर में स्थित सुंदरम हाल में किशोर कुमार के गानों से सजी शनिवार की शाम यादगार बन गई। गायक किशोर दा की जयंती पर किशोर दा रि-क्रिएशन सोसायटी ने के कार्यक्रम ‘ले कर हम दीवाना दिल’ के दौरान नवोदित गायकों ने अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया तो लोग झूम उठे।कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष अज्जू मिश्रा ने किशोर दा की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करके किया। सबसे पहले संस्था के सभी सदस्यों ने बर्थ डे सांग गाया। उसके बाद स्टेज पर आए बलराम सैनी ने ‘भोले ओ भोले...’ गाकर लोगों की तारीफ पाई।
अंकिता तिवारी ने ‘प्यार करने वाले...’, अदिति ने ‘ये राते ये मौसम...’ गाकर लोगों को मुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि संगीतकार महमूद उल हक और विशिष्ट अतिथि महिला थाने की प्रभारी शालिनी सिंह रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीतकार राहुल, दीपक, विक्रमजीत, शुभम, तुत्तुम दा, सुदीप दा, शेरू का विशेष योगदान रहा। अज्जू एवं कैमेलिया ने कार्यक्रम का शीर्षक गीत ‘ले कर हम दीवाना दिल’ प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। राजकुमार, रीता, जेपी ने भी गीतों के माध्यम से किशोर दा को श्रद्धांजली दी। कार्यक्रम का संयोजन नितिन आनंद ने किया।