गोरखपुर। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय ने कहा कि अयोध्या हिंदुओं का तीर्थ स्थल है। वह इस्लाम का केंद्र नहीं है। उसे हम इस्लाम पढ़ाने का केंद्र नहीं बनने देंगे। वहां राम जन्मभूमि है। राम मंदिर वहीं बनेगा, जहां पर रामलला विराजमान हैं।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम में आए चंपत राय पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1987-88 में देश के करोड़ों घरों में राम मंदिर का माडल पहुंचाया गया था। उसी माडल के अनुसार मंदिर का निर्माण होगा। कहा कि राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण में कुछ बाधा है। उसे शीघ्र दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां रामलला विराजमान हैं, वहां पर 1528 से पहले मंदिर था। उसके बाद उसे तोड़ा गया। उसे मस्जिद बनाने की कोशिश की गई, पर वहां के हिंदुओं ने ऐसा नहीं करने दिया। वह भगवान राम की जन्मभूमि है। इस्लाम की मान्यता अनुसार भी वहां मस्जिद नहीं हो सकती।
अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए जो पत्थर तलाशे जा रहे हैं, उसकी नक्काशी उसी तरह की हो रही है, जो मंदिर का माडल है। मंदिर निर्माण के सवाल पर उन्होंने कहा कि थोड़ा इंतजार करें, मंदिर जरूर बनेगा। पर कब के सवाल का जवाब वह नहीं दे पाए। मंदिर निर्माण के लिए तोगड़िया की ओर से आंदोलन शुरू करने के सवाल पर राय ने कहा कि वह स्वतंत्र हैं। उनका विहिप से कुछ लेना देना नहीं है।