रिजल्ट निकलने के बाद विद्यार्थियों ने खुशियां मनाईं।
गोरखपुर। सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में लड़कियों ने एक बार फिर कामयाबी का झंडा फहराया है। आर्मी पब्लिक स्कूल की जया सिंह ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। जीएन नेशनल पब्लिक स्कूल की सौम्या तुलस्यान और द पिलर्स पब्लिक स्कूल की मालविका जायसवाल ने 97.6 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। उदया पब्लिक स्कूल के अनिकेत मौर्या, आर्मी पब्लिक स्कूल के निखिल व जसपाल सिंह ने 97.4 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाया है।
जिले में 35 स्कूलों में 12095 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें 86.25 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा उत्तीर्ण हुए। सीबीएसई के मुताबिक पिछले साल की अपेक्षा इस बार अधिक विद्यार्थियों ने 95 फीसदी या इससे अधिक अंक हासिल किए हैं। रिजल्ट निकलने के बाद कई स्कूलोें में विद्यार्थियों ने जमकर जश्न मनाया। एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवाए और यादगार लम्हों को कैमरे में कैद किया।