पुलिस लाइंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती। मौसम की खराबी के चलते सीएम योगी आदित्यनाथ को लखनऊ ले जाने आया हेलीकॉप्टर गोरखपुर नहीं पहुंच सका। ऐसे इसे बस्ती पुलिस लाइंस में लैंड कराया गया और सीएम दोपहर बाद 3.39 बजे लखनऊ रवाना हुए। यहां से वे आगरा चले गए। इससे पूर्व सड़क मार्ग से पहुंचे सीएम को पुलिस लाइंस में पुलिस कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मुख्यमंत्री गोरखपुर महोत्सव समेत अन्य कार्यक्रमों के चलते कुछ दिनों से गोरखपुर में थे। उन्हें सोमवार को लखनऊ पहुंचना था। मौसम की खराबी के चलते अफसरों को पहले सूचना मिली कि फोरलेन से होकर फैजाबाद हवाई पट्टी से मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना होंगे। थोड़ी देर बाद मौसम में कुछ सुधार हुआ और बस्ती पुलिस लाइंस से हेलीकॉप्टर से लखनऊ रवाना होने की सूचना मिली। सूचना सेट पर प्रसारित होने के बाद बस्ती और संतकबीरनगर की पुलिस सक्रिय हुई। गोरखपुर-लखनऊ हाईवे की सुरक्षा बढ़ा दी गई। कट वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। मुख्यमंत्री का काफिला फोरलेन से होकर 3.30 बजे पुलिस लाइंस पहुंचा। यहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद सीएम दोपहर बाद 3.39 बजे लखनऊ के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह, डीआईजी रेंज आरसी साहू, डीएम अरविंद कुमार सिंह, एसपी संकल्प शर्मा समेत तमाम अफसर मौजूद रहे।