फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गौरवशाली अतीत के साथ दिखी सुनहरे कल की तस्वीर

Mon, 04 Dec 2017 07:50 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
एमपी इंटर कॉलेज में संस्‍थापक सप्ताह समारोह में कई झांकियां सजाई गईं। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
शहर की प्रमुख सड़कों पर भारत माता के जयघोष और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ जब भारी संख्या में कतारबद्ध विद्यार्थी उतरे तो फजा देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गई। रथ और बैंडबाजे शोभायात्रा को भव्यता दे रहे थे तो नोटबंदी, भ्रष्टाचार, आंतरिक सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल इंडिया, कौशल विकास, स्टार्टप इंडिया आदि झांकियां इसका आकर्षण बढ़ा रही थीं। गौरवशाली अतीत के साथ सुनहरे कल की तस्वीर दिखाती यह शोभायात्रा जिधर से भी गुजरी, सड़कों के दोनों ओर खड़ी भीड़ इसे मुग्ध भाव से निहारती नजर आई।
विज्ञापन


सोमवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक समारोह के उद्घाटन अवसर पर एमपी इंटर कॉलेज से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को एनसीसी कैडेट्स ने गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। ध्वजारोहण, ध्वजगीत, कुलगीत के बाद मुख्य अतिथि ने समारोह के उद्घाटन की घोषणा की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ के साथ शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

देशभक्ति गीतों की धुनों पर बजते बैंड, पीएसी एवं आरपीएफ के बैंड पर मार्च करते एनसीसी कैडेट्स और महापुरुषों की झांकियां शोभायात्रा को और आकर्षक बना रही थीं। घोड़े पर सवार महाराणा प्रताप, भ्रष्टाचार, शिवाजी व रानी लक्ष्मीबाई पर आधारित झांकी, विभिन्न प्रांतों के परिधानों में सजी छात्राएं, इंसेफेलाइटिस जैसे समसामयिक मुद्दों पर आधारित झांकियों से विद्यार्थियों ने सभी का दिल जीत लिया। टाउनहाल, बैंकरोड, विजय चौक, गणेश होटल, गोलघर होते हुए शोभायात्रा प्रताप आश्रम से वापस एमपी इंटर कॉलेज पहुंची।
विज्ञापन


संचालन दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के डॉ. श्रीभगवान सिंह ने और आभार ज्ञापन एमपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह ने किया। इससे पहले महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष, पूर्व कुलपति प्रो. यूपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. वीके सिंह, सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. रजनीकांत पांडेय, मेयर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक राधा मोहन दास अग्रवाल, सहजनवा विधायक शीतल पांडेय, पूर्व एमएलसी डॉ. वाईडी सिंह, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, पूर्व मेयर सत्या पांडेय, पीके मल्ल, डॉ. प्रदीप राव, राकेश सिंह पहलवान आदि मौजूद रहे।

मोदी-योगी के सपनों की झलक
शोभायात्रा में मोदी-योगी की झांकी के साथ उनके सपनों की भी झलक दिखी। स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत, आतंकवाद, काला धन, उत्तर प्रदेश विकास की ओर, गोरखपुर में एम्स, मेट्रो, फर्टिलाइजर, किसानों की कर्ज माफी, गड्ढामुक्त सड़क आदि झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

पेटीएम व नोटबंदी पर झांकी को सराहा
शोभायात्रा में नोटबंदी और पेटीएम पर आधारित झांकी को लोगों ने खूब सराहा। विद्यार्थियों ने पेटीएम के इस्तेमाल के फायदे, एटीएम इस्तेमाल करने का तरीका, नोटबंदी से सामने आएगा कालाधन, समर्थन करो आदि स्लोगन लिए समाज को संदेश भी दिया।

तीन तलाक से आजादी का नजारा दिखा
तीन तलाक से आजादी की झांकी भी शोभायात्रा का आकर्षण रही। भुक्तभोगी महिलाओं की पीड़ा से लेकर सुप्रीम कोर्ट का आदेश और केंद्र सरकार के प्रस्तावित कानून की झलक इस झांकी का हिस्सा रही। न्याय की देवी से लेकर नेता तक झांकी के पात्र रहे।

संस्थापक-सप्ताह समारोह में आज
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद संस्थापक-सप्ताह समारोह में मंगलवार को योगासन प्रतियोगिता (प्रताप आश्रम), पीटी प्रतियोगिता (एमपी सीनियर सेकेंड्री स्कूल बेतियाहाता), चित्रकला प्रतियोगिता (दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज), क्विज (कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग) (दिग्विजयनाथ एलटी प्रशिक्षण महाविद्यालय), शिक्षाप्रद संत वचन प्रतियोगिता (दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज) और कबड्डी (एमपी इंटर कॉलेज) का आयोजन होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें