नगर निकाय के नतीजों के लिए इंतजार की घड़ियां अब खत्म हो गई हैं। शुक्रवार की दोपहर एक बजे तक मेयर और पार्षद तथा शाम छह बजे तक नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों के परिणाम आ जाएंगे। गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी। नगर निगम के वोट गोरखपुर यूनिवर्सिटी में, तो नगर पंचायत के वोट संबंधित तहसीलों में गिने जाएंगे। गुरुवार की शाम तक मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव रौतेला और एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था आदि का जायजा भी लिया।
शुक्रवार को मेयर के 13 और पार्षद पद के 682 प्रत्याशियों के साथ ही नगर पंचायत अध्यक्ष के 75 और सदस्य के कुल 610 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। मेयर व पार्षद के लिए 25 चक्र, नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए पांच चक्र और सदस्य के लिए अधिकतम तीन चक्र की गिनती होगी। प्रत्येक टेबल पर एक समय में प्रत्याशी या उनका कोई एक एजेंट ही रह सकेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निगम में मेयर व पार्षद पद के मतों की गिनती के लिए 70-70 टेबल लगाए गए हैं। 8-8 टेबल रिर्जव में रहेगी। इस तरह कुल 156 टेबल लगाकर ईवीएम के मतों की गिनती की जाएगी। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के वाणिज्य संकाय में 40 , डेलीगेसी में 20 तथा कनवेंश्न हाल में 10 वार्ड की मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह आठ नगर पंचायत के लिए कुल 84 टेबल लगाई गई है। 16 टेबल रिजर्व में रखी गई है। आयोग के निर्देशानुसार एक ही शिफ्ट में पूरी गणना कर ली जाएगी।