गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के कैंपस में घुसकर विधि छात्र की पिटाई के मामले में आरोपी बीए प्रथम वर्ष के छात्र साकेत पांडेय को सस्पेंड कर दिया गया है। मंगलवार को चीफ प्रॉक्टर ने जांच पूरी होने तक आरोपी छात्र के कैंपस में प्रवेश में प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन को सूचना भेज दी। मारपीट से सबक लेते हुए चीफ प्रॉक्टर की अगुवाई में कैंपस में सघन चेकिं ग अभियान भी चलाया गया।
प्रॉक्टर ने विधि विभाग, हिंदी विभाग, दीक्षा भवन, कला संकाय समेत मजीठिया भवन का निरीक्षण किया और बाइक लेकर बिना अनुमति के कैंपस में घूम रहे छात्रों को कड़ी फटकार लगाई। उन्हें बाइक स्टैंड में जमाकर कैंपस में आने के निर्देश दिए। उन्होंने सिक्योरिटी गार्डो की संख्या बढ़ाने और उन्हें वॉकी-टॉकी से लैस करने के लिए कुलपति को पत्र लिखा है।
साइकिल स्टैंड से घुसे अराजक तत्व
सोमवार को कैंपस में हुए बवाल में मनबढ़ बाइक स्टैंड में खड़ी कर टूटी फेंसिंग के बीच से कैंपस में दाखिल हुए थे। आए दिन इस रास्ते से अराजक तत्वों को आसानी से कैंपस में प्रवेश मिल जाता है, जबकि यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से स्टैंड में बाइक खड़ी करने के बाद मेन गेट से कैंपस में प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है, मगर जिम्मेदारों की बेरुखी से इसका पालन नहीं हो पा रहा है।
मारपीट के आरोपी छात्र का निलंबन वापस
यूनिवर्सिटी कैंपस में मारपीट से जुड़े एक अन्य मामले में जांच कमेटी के समक्ष पीड़ित छात्र के उपस्थित न होने से आरोपी छात्र का निलंबन वापस ले लिया गया है। कमेटी के कई बार बुलाने के बावजूद मारपीट का आरोप लगाने वाला छात्र कमेटी के समक्ष प्रस्तुत नहीं हुआ।