पीपीगंज।
होम डिलेवरी और ओवर चार्जिंग के आरोप में पीपीगंज स्थित आशीष इंडेन गैस सर्विस का लाइसेंस शनिवार को निलंबित कर दिया गया। साथ ही एजेंसी के 25 हजार उपभोक्ताओं को तरंग गैस सर्विस, गोरखपुर से संबद्ध कर दिया गया है। रविवार से उपभोक्ता तरंग गैस सर्विस से ही सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। यह दूसरा मौका है, जब आशीष इंडेन गैस सर्विस का लाइसेंस निलंबित किया गया। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) ने गैस एजेंसी पर जुर्माना भी ठोंका है।
आईओसी को आशीष इंडेन गैस सर्विस, पीपीगंज की शिकायत मिली थी। आरोप लगा था कि घटतौली की जा रही है, ओवर चार्जिंग और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा न देने की शिकायत भी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्ज्वला योजना में भी मनमानी के आरोप लगे। इसकी जांच आईओसी ने कराई और तमाम आरोप सही पाए गए। इसीलिए शनिवार को गैस एजेंसी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। आईओएसी की एक टीम गैस एजेंसी से सिलेंडर, रेग्युलेटर लेने भी पहुंची लेकिन एजेंसी बंद मिली। संचालकों को फोन भी किया गया लेकिन कोई नहीं आया। इससे नाराज टीम लौट गई। अब सोमवार को सिलेंडर, रेग्युलेटर वापस मंगाए जाएंगे। आईओसी के एरिया मैनेजर ने बताया कि लाइसेंस निलंबित करके जुर्माना ठोंका गया है। जो खामियां थीं, उसे दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने का लक्ष्य है। इसके बावजूद पीपीगंज स्थिति गैस एजेंसी संचालक की तरफ से मनमानी की गई। 25 हजार उपभोक्ताओं को फिलहाल तरंग गैस एजेंसी से जोड़ा गया है। जल्द ही कुछ और गैस एजेंसियों को सेवा कार्य में लगाया जाएगा।
लाइसेंस निलंबन का पत्र मिला है। जल्द ही आईओसी के सामने पक्ष रखेंगे। पक्ष रखने के लिए कंपनी से कुछ समय मांगा था लेकिन नहीं मिला।
पवन कुमार वर्मा, प्रबंधक आशीष इंडेन गैस एजेंसी