फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक जी की गाड़ी है...छोड़ दीजिए

विज्ञापन
ट्रैफिक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
गोरखपुर। सचिवालय का पास लगी एक लग्जरी गाड़ी को जब ट्रैफिक पुलिस ने पैड़लेगंज तिराहे पर रोका तो रौब गांठने वाले अंदाज में दो युवक नीचे उतरे और अभियान की कमान संभाले सीओ प्रवीण कुमार सिंह से बोले, विधायक जी की गाड़ी है...छोड़ दीजिए। सीओ ने कहा, ‘नियम सबके लिए बराबर है, सॉरी, आपकी कोई मदद नहीं कर सकता। जुर्माने की रसीद कटवा लें।’ इसे लेकर कुछ देर तक तनातनी चली, आखिरकार विधायक की गाड़ी का चालान काटा गया। कुछ ही देर बाद एक एसडीएम की गाड़ी को भी बगैर सीट बेल्ट लगाकर चलाने पर रोक लिया गया। यहां भी चालक की कोई दलील काम नहीं आई। एक सज्जन खुद को एडिशनल कमिश्नर का भाई बताकर गाड़ी छुड़वाने की नाकाम कोशिश करते दिखे। सीओ की सख्ती के चलते किसी का दबाव काम नहीं आया और सभी को जुर्माना भरने के बाद ही छोड़ा गया।
विज्ञापन

ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को शहर के कई प्रमुख चौराहों पर गाड़ियों की ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा के मानकों की अनदेखी करने वालों को चेकिंग कर न सिर्फ चालान काटा, बल्कि दुर्घटनाओं के प्रति आगाह भी किया। चेकिंग में पहली बार कागजात नहीं देखे गए, बल्कि हेलमेट, सीट बेल्ट, बाइक पर बैठे तीन लोगों को ही रोका गया। बाइक चलाते समय मोबाइल से बात करने वालों का भी चालान किया गया।

698 का चालान, 16,5900 रुपये जुर्माना
ट्रैफिक पुलिस ने मोहद्दीपुर, पैड़लेगंज और सिविल लाइंस इलाके में गाड़ियों की चेकिंग की। इस दौरान 698 गाड़ियों का चालान कर 16,5900 रुपये जुर्माना वसूला गया। हेलमेट, सीट बेल्ट, काली फिल्म, गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात, ईयर फोन लगाकर गाड़ी चलाने और मानक के अनुसार नंबर प्लेट न होने को जांच के दायरे में रखा गया था। सबसे ज्यादा 225 लोगों का चालान हेलमेट न पहनने पर किया गया।
विज्ञापन


‘डॉक्टर साहब, इगो से मत जोड़िए’
जिला अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर अपने कर्मचारी की पैरवी करने आए थे। कर्मचारी बगैर हेलमेट गाड़ी चलाते पकड़ा गया था। सीओ ने उनसे कहा, ‘आप तो डॉक्टर हैं, समाज में एक छवि है आपकी। बताइए आप ही ऐसी पैरवी करेंगे...प्लीज इसे इगो से मत जोड़ो। 200 रुपये का जुर्माना कटा लें।’ डॉक्टर ने जब देखा कि बात नहीं बनेगी तो फट से बोल पड़े। आपकी बात सही है, हम जुर्माना भर देते हैं।

जुर्माने का है ये प्रावधान
हेलमेट न लगाने पर : 100 रुपये
बाइक पर तीन सवारी : 100 रुपये
सीट बेल्ट न लगाने पर : 500 रुपये
नंबर प्लेट ठीक न होने पर : 100 रुपये
हेड फोन लगाकर बाइक चलाने पर : 100 रुपये

‘पापा भी हेलमेट न लगाएं तो जरूर टोकें’
महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज में ट्रैफिक विभाग की ओर से यातायात सुरक्षा को लेकर कार्यशाला आयोजित की र्गई, जिसमें सीओ ट्रैफिक प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि आप सभी अपने दायित्व भी समझें। यातायात नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाएं कम होंगी। अपने परिवार के लोगों को भी बताएं। छात्राओं से कहा कि कम से कम 10 लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दें। अगर घर में भाई या पिता भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं तो उन्हें जरूर टोकें। उन्हें बताएं कि परिवार के प्रति उनकी भी जिम्मेदारी है। बाइक चलाते समय मोबाइल फोन पर बात न करें और हेलमेट जरूर लगाएं। सीओ ने छात्राओं से कहा कि टैंपो या बस में जबरन बैठाने की कोशिश कोई करता है तो तत्काल इसकी सूचना दें। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकार के प्रति प्रेरित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य कैप्टन मंजू सिंह, टीएसआई जगनरायन, यातायात अधिकारी योगेंद्र कुमार गोंड, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें