गोरखपुर। ऑल इंडिया प्राइज मनी लक्ष्य चैंपियंस ट्राफी का शुभारंभ रविवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर सांसद कमलेश पासवान ने खिलाड़ियों से परिचय हासिल कर किया। उद्घाटन मैच में पिछले वर्ष की विजेता सीएजी दिल्ली ने पूर्वोत्तर रेलवे को सात विकेट से मात दी। दूसरे मैच में नागपुर ने हरियाणा को 76 रन से पराजित किया।
लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में सीएजी ने टॉस जीतकर पूर्वोत्तर रेलवे को बल्लेबाजी का न्योता दिया। सौरभ दुबे के शानदार 82 रन और आशीष यादव के 36 रन की बदौलत पूर्वोत्तर रेलवे ने नौ विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। सीएजी के ध्रुव ने चार, गौरव ने दो और रिजवान ने एक खिलाड़ी को पवेलियन की राह दिखाई। जवाब में सीएजी ने अंकुर के नाबाद 89, आर फराज के 54 रन की बदौलत तीन विकेट के नुकसान पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। पूर्वोत्तर रेलवे के राकेश कन्नौजिया को दो, आशीष चोपड़ा ने एक विकेट लिया।
सेंट एंड्रयूज कॉलेज के मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में नागपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 241 रनों का स्कोर खड़ा किया। सचिन कटारिया ने सर्वाधिक 83 रन वैभव ने 51 और गौरव ने 34 रन बनाए। हरियाणा के अक्षत पांडे, भारत वीर और हिमांशु ने एक-एक विकेट हासिल किया। जवाब में हरियाणा की टीम 181 रनों पर सिमट गई । रोहित ने 69 और सनी ने 63 रन बनाए। नागपुर की ओर से रोबिन सिंह ने पांच एवं मोहम्मद करीम ने चार विकेट लिए।
इस अवसर पर लक्ष्य स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव, सचिव डॉ. त्रिलोक रंजन, उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, डॉ. अंबुज श्रीवास्तव, डॉ. मुदित गुप्ता, प्रेम माया, मनीष सिंह, प्रेम शाही, हसन नदीम, सुनील केसरवानी, अजीत श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, मिर्जा अलमदार, उत्तम क्षेत्री, मनीष श्रीवास्तव, शादाब खान, परितोष बांगर, पंकज मिश्रा, निखिल, सर्वेश आदि मौजूद रहे।
इन्हें मिला मैन ऑफ द मैच
सीएजी और पूर्वोत्तर रेलवे के बीच खेले गए मुकाबले में योगेश्वर सिंह स्मृति मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सीएजी के अंकुर को मिला। दूसरे मुकाबले में यह पुरस्कार नागपुर के मोहम्मद करीम को मिला।