गोरखपुर। गरीब और कमजोर तबके की महिलाओं और किशोरियों के बीच मासिक धर्म और स्वच्छता की जानकारी के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से पहल की गई है। इसके तहत गोरखपुर और झांसी में ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस (एआईपीसी) की ओर से ‘मेरी पैड यात्रा’ कार्यक्रम की शुरूआत की गई रविवार को कैंपियरगंज के जंगल बब्बन गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पांच सौ महिलाओं को निशुल्क फिर से इस्तेमाल किया जाने वाला सेनेटरी पैड दिया गया।
शहर के होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में एआईपीसी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि 82 प्रतिशत महिलाओं व किशोरियों को मासिक धर्म सुरक्षा प्रबंधन की समुचित जानकारी नहीं है। ऐसा अनुचित प्रतिबंधों, भ्रांतियों, मिथकों तथा उत्पादों की अनुपलब्धता के कारण है जिससे खिलाफ अब चुप्पी तोड़ने की जरूरत है।
महिलाओं के इस आत्मसम्मान को आत्मशक्ति बनाने के लिए ‘मेरी पैड यात्रा’ की शुरुआत की गई है। इस यात्रा के माध्यम से पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाली कम से कम एक लाख महिलाओं किशोरियों से संपर्क कर जागरूक किया जाएगा। इस दौरान डॉ. सुरहीता करीम, डॉ. विजाहत करीम, जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल, अनवर हुसैन आदि मौजूद थे।
चिकित्सीय प्रमाणित है रीयूजेबल सेनेटरी पैड
अमिता सिंह ने बताया कि यह रीयूजेबल सेनेटरी पैड चिकित्सीय तौर पर प्रमाणित है। स्विस तकनीक से बनाई गई यह सेनेटरी पैड मुंबई की एक कंपनी बना रही है। इसको धोने के बाद फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एआईपीसी की ओर से तैयार की गई मेडिकल टीम क्षेत्र विशेष में महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी करती रहेगी।
व्यवसायिक लोगों को पार्टी से जुड़ने का आह्वान
गोरापुर। कांग्रेस पार्टी और जनता के बीच बढ़ी दूरी को कम करना होगा। देश की जनता अब भाजपा को दूसरा मौका नहीं देगी लेकिन यह अपने आप नहीं होगा। इसके लिए मिलकर काम करना होगा। अपनी कमियों को स्वीकार कर उसमें सुधार करना होगा। ये बातें डॉ. अमिता सिंह ने बैंक रोड स्थित एक होटल में रविवार को बैठक के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि राजनीति सभी के जीवन को प्रभावित करती है। ऐसे में व्यवसायिक लोगों को भी राजनीति से नजदीकी बढ़नी चाहिए लेकिन वर्तमान में स्थिति इसके उलट है। व्यवसायिकों की बौद्धिक ताकत का देशहित में उपयोग करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का गठन किया है।
इससे जुड़ने वालों को कांग्रेस के धरना, प्रदर्शन या बैठक में शामिल होने की जरूरत नहीं है। इनको सिर्फ सुझाव देना है जिससे नीतियां बनाई जा सके और घोषणा पत्र में भी उसे शामिल किया जाए। गोरखपुर चैप्टर की अध्यक्ष व कार्यक्रम की आयोजक डॉ. सुरहीता करीम ने कहा कि अगर सभी लोग साथ मिल कर चलेंगे तो सफ लता की राह और आसान होगी। इस दौरान डॉ. सैयद जमाल अहमद, डॉ. विजाहत करीम, डॉ. पीएन भट्ट, अनवर हुसैन, तौकीर आलम, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, राणा राहुल सिंह, दिलीप कुमार निषाद, विकास द्विवेदी, सदानंद पांडेय आदि मौजूद थे।