गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बीए में प्रवेश लेने वाले ऐसे अभ्यर्थी जिनके पास पूरे प्रमाण पत्र नहीं हैं और इसे बनवाने के लिए आवेदन किया है तो जमा की गई शुल्क की रसीद पर प्रवेश ले सकेंगे। अभ्यर्थी को 15 दिन में मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा इंटरनेट से डाउनलोड की गई मार्कशीट भी मान्य होगी लेकिन वह सक्षम अधिकारी से सत्यापित होनी चाहिए।
यूनिवर्सिटी की प्रवेश समिति की बैठक में बुधवार को प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में पूर्व में लिए गए कई अहम फैसलों पर मुहर लगा दी गई। कुलपति की अध्यक्षता में हुई प्रवेश समिति की बैठक में सदस्यों ने विद्यार्थियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया। निर्णय हुआ कि अगर कोई अभ्यर्थी इंटरनेट से डाउनलोड मार्कशीट दिखाता है तो मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने तक हाईस्कूल का प्रमाण पत्र जमा रहेगा। इसके अलावा जाति तथा आय प्रमाणपत्र की वैद्यता उसमें वर्णित अवधि के अनुसार ही मानी जाएगी।