गोरखपुर। बेनीगंज स्थित भाजपा दफ्तर में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने मंगलवार को जनता दरबार लगाया। कुल 66 फरियादी यहां पहुंचे। इसमें से 42 मामलों का निस्तारण तत्काल कराया गया। 24 विवादित मामले जिलाधिकारी और बिजली निगम के अफसरों के पास भेजे गए हैं।
जनता को त्वरित राहत देने के लिए भाजपा ने दफ्तर में जनता दरबार लगाने का फैसला किया है। इसमें केंद्र, यूपी सरकार के क्षेत्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसी क्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और महानगर इकाई के अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने जनता दरबार लगाया।
बशारतपुर के गंगा प्रसाद दूबे गंदगी की शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर मंत्री ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को टेलीफोन किया और कहा कि सफाई की व्यवस्था तत्काल कराई जाए। इसका सकारात्मक असर दिखा। नगर निगम की टीम पहुंची और सफाई भी हुई।
नकहा के डीएन मिश्रा, पुराना गोरखपुर की ऊषा देवी, शिवपुर सहबाजगंज की गिरजेश वर्मा, बिलंदपुर के ब्रह्मानंद चौहान, भेड़ियागढ़ के वंशगोपाल शुक्ल, चंदन श्रीवास्तव, अरविंद मौर्या, रामगोपाल मौर्या, गंगोत्री मौर्या, बाल्मीकि निषाद, रानीदेवी और बशारतपुर की शिवशंकर ने बिजली की समस्या बताई।
इसके समाधान की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता को दी गई है। इस मौके पर पुष्पदंत जैन, उपेंद्र दत्त शुक्ला, रमेश प्रताप गुप्ता, शिव सागर तिवारी, ओम प्रकाश शर्मा, राजेश गुप्ता, देवेश श्रीवास्तव, जितेंद्र राय, दिनेश चंद्र त्रिपाठी, भागीरथ निषाद और शिवेंद्र मिश्रा मौजूद रहे।