गोरखपुर। पीसीएस प्री की परीक्षा रविवार का 43 सेंटरों पर हुई। 19,967 प्रतिभागियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन महज 12,386 ही शामिल हुए। पहली पॉली में जीएस (सामान्य अध्ययन) के सवालों ने छात्र-छात्राओं को काफी उलझाया। करेंट अफेयर और साइंस के करीब 40 प्रश्नों ने जहां थोड़ी राहत दी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं से जुड़े कई सवालों ने काफी परेशान किया। उन्होंने बताया कि पहली पॉली में जीएस के 150 प्रश्न पूछे गए थे। वहीं दूसरे प्रश्नपत्र में मैथ, हिंदी, रीजनिंग, अंग्रेजी, डिसीजन मेकिंग के 100 सवाल थे, जिन्हें हल करने में काफी परेशानी हुई। सबसे ज्यादा परेशानी दूसरे पेपर में डिसीजन मेकिंग के प्रश्नों से हुई। छात्रों ने बताया कि इस बार कार्बन कॉपी उपलब्ध कराई गई है। इससे यह पता चल जाएगा कि कितने प्रश्नों का जवाब सही दिया है।
:: प्रतियोगी बोले ::
पेपर थोड़ा टफ था। कई ऐसे सवाल थे, जिनके जवाब देने में काफी परेशान होना पड़ा। हालांकि करेंट अफेयर्स के सवाल थोड़ी राहत देने वाले थे।
- शिवांगी सिंह
जीएस पेपर के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। इससे इस पेपर पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रधानमंत्री की कई योजनाओं का जिक्र इसमें था, जिसे हल करने में दिक्कत नहीं हुई।
- नमिता श्रीवास्तव
दूसरी बार परीक्षा दी है। इस बार पेपर बहुत ही अच्छा था। करेंट अफेयर्स से अधिक प्रश्न पूछे गए थे। इससे पेपर बेहतर हुआ है। दूसरे पेपर में मैथ ने थोड़ा परेशान किया।
-संयुक्ता चौरसिया
पहली पॉली में परीक्षा बेहतर हुई, लेकिन दूसरी पॉली में अंग्रेजी और डिसीजन मेकिंग के प्रश्न काफी टफ थे। इससे थोड़ा डर लग रहा है। जीएस के पेपर ने काफी राहत दी है।
- ओम प्रकाश