गोरखपुर।
प्रदेश स्तरीय 63 वीं स्कूली फुटबाल प्रतियोगिता में वाराणसी टीम ने डबल धमाका किया है। अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग की टीमों ने प्रतिद्वन्द्वी टीमों को पछाड़कर खिताब हासिल किया है। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ ने स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई को टाई ब्रेकर में 4- 2 से मात दी।
एमपी इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर सोमवार को सबसे पहले बालक अंडर-19 वर्ग का फाइनल वाराणसी और फैजाबाद के बीच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में दोनों ही टीमें निर्धारित समय में 1- 1 गोल से बराबरी पर रहीं। टाई ब्रेकर में भी दोनों ही टीमों ने 4 -4 गोल किए। इसके बाद विजेता फैसला सडेन डेथ राउंड में हुआ। जहां वाराणसी ने 8- 7 से फैजाबाद पर जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में वाराणसी और इलाहाबाद के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। मैच शुरू होने के बाद पांच मिनट बाद ही वाराणसी की कविता ने अपनी टीम को 1 -0 से बढ़त दिला दी। मैच के आखिर तक वाराणसी की टीम ये बढ़त बनाए रखने में कामयाब रही।
अंडर -14 बालक वर्ग का फाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ और स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई के बीच खेला गया। निर्धारित समय में दोनों ही टीमें कोई भी गोल नहीं कर सकीं। टाई ब्रेकर में लखनऊ ने 4- 2 से सैफई कॉलेज को पराजित किया। अंडर- 19 बालक और बालिका वर्ग मेें गोरखपुर की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।