गोरखपुर।
राजकीय बौद्ध संग्रहालय की ओर से स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को हुआ। इसमें स्वतंत्रता आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारत मां के वीर सपूतों की वीरगाथा को चित्राें के माध्यम से दर्शाया गया। इसमें गुलामी की जंजीरों में जकड़े भारत और और वीर शहीदों के देशप्रेम, साहस, धैर्य और बलिदान की गाथा मौजूद थी। प्रदर्शनी 31 अगस्त तक आम जनता के अवलोकनार्थ जारी रहेगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि गोरखपुर यूनिवर्सिटी के पूर्व शिक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के लिए देशभक्तों के संघर्ष एवं तत्कालीन घटनाओं से संबंधित छायाचित्र निश्चय ही हमारी राष्ट्रवादी भावनाओं को जागृत करने में सहायक हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. ऊषा सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के समय कुर्बानी देने वाले वीर क्रांतिकारियों के सार्थक योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। संग्रहालय के उप निदेशक डॉ. एके सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन अवसर पर छायाकार संदीप श्रीवास्तव, केपी पांडेय, ज्ञान प्रकाश नायक, हिमांशु पांडेय, शैलेंद्र राय, कन्हैया मिश्र आदि मौजूद थे।