गोरखपुर। जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इस पर कर्मचारियों और अधिकारियों को ध्यान देना होगा।
विश्वविद्यालय के संवाद भवन में आयोजित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यदि कार्य को समय से किया जाए तो रिवाइज इस्टीमेट की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि काम शत-प्रतिशत होना चाहिए। इसका सत्यापन भी कराया जाए। कार्य मानक के अनुरूप न होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। काम में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लाक स्तर पर शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र वितरित किया जाए। उन्होंने शिविर में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने को कहा।
इस अवसर पर पीडी ने बताया कि 10436 लाभार्थियों के सापेक्ष 9945 को प्रथम किस्त की धनराशि वितरित की जा चुकी है। शेष को भी जल्द दे दी जाएगी। उन्होंने मनरेगा की समीक्षा करते हुए कहा कि जॉब कार्डधारकों को आवश्यक रूप से काम दिया जाए। बैठक में सीडीओ अनुज सिंह, नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रभुनाथ, एडीएम एफआर, चंद्रभूषण आदि अधिकारी मौजूद थे।