गोरखपुर।
श्रावण मास पर्व को देखते हुए आईजी मोहित अग्रवाल ने जोन के अफसरों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांवड़ लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं का पुलिस मार्गदर्शन करें। उन्हें किसी तरह की असुविधा न होने पाए। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम हो।
बुधवार को पुलिस लाइंस में आयोजित बैठक में आईजी मोहित अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह कुंभ मेले में पुलिस मददगार होती है उसी तरह श्रद्धालुओं की मदद की जाए। कांवड़ वाले मार्ग की टूटी सड़क, पेड़ की टहनियां और अंधेरा है तो संबंधित विभाग से वार्ता कर उसे पुलिस पहल करके ठीक कराए। जिससे की कांवड़ ले जा रहे श्रद्धालुओं को पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बदलाव दिखाई दे। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में तेज आवाज वाले डीजे की अनुमति कत्तई प्रदान न की जाय। उन्होंने थाना स्तर पर सीओ और एसडीएम की उपस्थिति में बैठक कर कांवड़ समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक जानकारी दे का निर्देश दिया। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले थानों पर शांति समिति की बैठक आयोजित किए जाने का आदेश दिया।