गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार की देरशाम डीवीएन पीजी कॉलेज सभागार में निषाद पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि संतकबीरनगर में 12 मई को मतदान होना है। जैसे ही मतदान निपटे, वैसे ही पदाधिकारी, कार्यकर्ता गोरखपुर आ जाएं। निषादों का उत्थान और उनकी समस्याओं का निस्तारण भाजपा सरकार प्राथमिकता से करेगी। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश निषाद को समन्वय बनाकर काम करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
वहीं एक अन्य कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने लोधी कश्यप बिंद निषाद एकता समिति की बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि भाजपा ही मछुआ समाज की सच्ची हितैषी है। भगवान गुह्यराज निषाद हम सभी के पूजनीय हैं। भाजपा सरकार ने ही उनके भव्य मंदिर के निर्माण के लिए धन जारी किया। इसके पहले किसी सरकार ने इस समाज के लिए कुछ नहीं किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछड़ा आयोग बनाया तो उसका अध्यक्ष भगवान निषाद को बनाकर निषाद समाज का सम्मान बढ़ाया है। बैठक में रामकरन निषाद, जयप्रकाश निषाद, सत्यम साहनी, भागीरथी निषाद, ठाकुर प्रसाद निषाद आदि उपस्थित थे।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।