गोरखपुर। इस बार करवाचौथ पर कुछ महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए ईश्वर से दुआ ही नहीं मांगेंगी बल्कि पति से हेलमेट पहनने का वादा भी लेंगी। ‘अमर उजाला’ की इस अनूठी पहल पर शहर के कई महिला संगठनों की सदस्यों ने बुधवार को चेतना तिराहे पर इस बाबत शपथ भी ली। साथ ही वहां से गुजरने वाली महिलाओं को इस करवाचौथ पर अपने पति की सुरक्षा के लिए उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। यही नहीं, उन्होंने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चला रहे पुरुषों को भी यह एहसास दिलाने की कोशिश की कि उनका सुरक्षित रहना उनके परिवार और उनके चाहने वालों के लिए कितना अहमियत रखता है।
हमारे शरीर को सबसे ज्यादा खतरा सिर पर लगी चोट से होता है। ऐसे में हेलमेट हमें बचाता है। इसी सोच के साथ इस करवाचौथ पर ‘अमर उजाला’ ने अनूठी पहल की है कि इस खास दिन महिलाएं व्रत तो करें ही अपने पति को हेलमेट भी पहनाएं। इसी के तहत बुधवार को इंदिरा तिराहे पर शहर के कई महिला संगठनों की सदस्य जुटीं और खुद के साथ ही दूसरी महिलाओं तक भी इस संदेश को पहुंचाने की शपथ ली।
इन संगठनों की रही भागीदारी
उप्र राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, अग्रवाल महिला समिति की अध्यक्ष नीलम वासनीवाल, एकता अग्रवाल, सुनीता गुप्ता, रेशमा जैन, रिंकी जैन, इनरव्हील क्लब ऑफ गोरखपुर की अध्यक्ष सरोज अग्रवाल, एडिटर डिंपल कौर, महिला सर्वोदय मंडल की अध्यक्ष स्मिता अग्रवाल, इनरव्हील क्लब ऑफ होराइजन की अध्यक्ष समता अग्रवाल, सोनिया गुप्ता, दीप्ती अग्रवाल, नारी सुरक्षा समिति की प्रदेश अध्यक्ष चित्रा देवी, नीलम राय, पिंकी गप्ता, रितिका, माया, सुमनलता, रिचा वर्मा, स्नेहिल नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष पुष्पा वर्मा, विमला श्रीवास्तव, रेखा गौड़, सुमन श्रीवास्तव, आशा पांडेय, अरूणा श्रीवास्तव, दीपा, मधू, रूबी, सीमा पांडेय, रेखा, पूनम, अनीता, मंजू, चित्रा आदि महिलाएं मौजूद रहीं।
मुआवजा, क्लेम दिलाने में भी मददगार
बाइक चलाते वक्त अगर किसी और की गलती से चोट लग जाए तो भी क्लेम या मुआवजा लेने के लिए आपको हेलमेट पहनना जरूरी होता है। अगर आपने हेलमेट नहीं पहना है तो दूसरे पर गलती डालकर आप दुर्घटना बीमा की राशि या उससे मुआवजा नहीं ले सकते।
हेलमेट न पहनना ट्रैफि क नियमों का उल्लंघन
आप हेलमेट पहनकर सिर्फ जुर्माने से ही नहीं बचते बल्कि कानून का पालन कर अच्छे नागरिक का फर्ज भी निभाते हैं। ये हर देश के नागरिक का कर्तव्य हैं कि वो अपने और दूसरों की भी जान की रक्षा करें।
धूल और बारिश से भी बचाता है हेलमेट
अच्छी क्वालिटी का हेलमेट पहनने का ये फ ायदा भी है कि यह आपको धूल, मिट्टी, आंधी या बारिश से बचाता है। बारिश बूंदे आपके देखने की क्षमता पर असर डालती हैं। आंखों में धूल चली जाए तो नियंत्रण खो सकता है और दुर्घटना भी हो सकती है। इन सबसे बचने का सुरक्षित तरीका है हेलमेट पहनना।