गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग तेज हो गई है। अलग-अलग छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय को बंद रखने का विरोध किया। पंत पार्क में बुद्धि शुद्धि यज्ञ कर कहा गया कि विश्वविद्यालय को बंद करके भय का माहौल न बनाए जाए। छात्रसंघ चुनाव कराके पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की गई। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मामले में राज्यपाल और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए शनिवार को पंत पार्क में छात्रों की ओर से बुद्धि-शुद्धि यज्ञ कराया गया। छात्र आकाश यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय को बंद करके डर का माहौल बनाया जा रहा है। इस मौके पर अनुराग श्रीवास्तव, विनय यादव, नितिन जायसवाल, रिक्की पासवान, विवेक सिंह और अंबुज मौजूद रहे। एबीवीपी के प्रांत मंत्री भूपेंद्र सिंह राणा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विश्वविद्यालय के वार्षिक कैलेंडर का हिस्सा है। साजिश करके चुनाव टलवाया गया। छात्रसंघ चुनाव अब न्यायिक अभिरक्षा में कराया जाना चाहिए। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे अनिल दुबे ने भी प्रेस कांफ्रेंस करके चुनाव कराने की मांग की। कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है।वहीं, समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष गविश दुबे और महामंत्री एहतेसाम खां की मौजूदगी अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। कहा गया कि सरकार के इशारे पर चुनाव स्थगित किया गया है।
एबीवीपी की बैठक आज
गोरखपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की गोरक्ष प्रांत की प्रदेश कार्य समिति की बैठक रविवार को जिला पंचायत सभागार में होगी। इसकी अध्यक्षता महामंत्री संगठन सत्यभान करेंगे। कार्यालय मंत्री प्रीतम गौड़ ने बताया कि बैठक सुबह 11:30 से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय खुलेगा, लेकिन पढ़ाई नहीं होगी
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में 17 सितंबर को भी पढ़ाई नहीं होगी। कुलसचिव ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी विभाग खुलेंगे, लेकिन शैक्षणिक कामकाज ठप रहेंगे।
महात्मा गांधी पीजी कॉलेज में 18 सितंबर को नामांकन
गोरखपुर। महात्मा गांधी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन 18 सितंबर को होगा। प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह 10 बजे दोपहर दो बजे तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। उसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। 18 को ही देरशाम तक वैध प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।