बस स्टैंड का निरीक्षण करते परिवहन आयुक्त पी. गुरुप्रसाद।
- फोटो : Amar Ujala
कचहरी और नौसड़ बस स्टैंड पर अब पार्किंग की जगह बढ़ाई जाएगी, ताकि ज्यादा बसें खड़ी हो सकें। इसके लिए दोनों बस स्टैंड की डिजाइन बदली जाएगी। रविवार को निरीक्षण के दौरान परिवहन आयुक्त पी. गुरुप्रसाद ने विभागीय और कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूतल पर कमरों की संख्या कम करें और ऊपर की दोनों मंजिलों पर इसे शिफ्ट कर दें।
परिवहन आयुक्त ने कचहरी बस स्टैंड का निरीक्षण करते हुए कहा कि भूतल पर प्रशासनिक दफ्तर की जरूरत नहीं है, इसे ऊपरी मंजिल पर रखें। भूतल पर कवर्ड एरिया कम करें, यात्रियों के लिए डॉरमेट्री नीचे ही बनाएं। बसें सड़कों पर खड़ी नहीं होनी चाहिए, ज्यादा से ज्यादा प्लेटफॉर्म बनाएं। उन्होंने कहा कि नई डिजाइन बनाकर जल्द भेजें, ताकि इसे अंतिम रूप दिया जा सके। इसके बाद वह नौसड़ बस स्टैंड को देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सितंबर 2018 तक दोनों बस स्टैंड को निर्माण पूरा हो जाए। उनके साथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव राय भी मौजूद थे।
गीडा में आरटीओ ट्रेनिंग सेंटर की जमीन देखी
परिवहन आयुक्त ने आरटीओ के ट्रेनिंग सेंटर के लिए गीडा में जमीन भी देखी। तीन एकड़ की जमीन देखने के बाद उन्होंने गीडा की सीईओ हर्षिता माथुर से छह एकड़ जमीन और देने को कहा। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर से मिलकर भी जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। निरीक्षण के दौरान आरटीओ एम. अंसारी, डीडी मिश्र, एआरटीओ प्रवर्तन संदीप पंकज, संदीप जायसवाल आदि मौजूद थे।