शहर में अब हर रोज उपभोक्ता फोरम की अदालत लगेगी। अभी फोरम महीने में सिर्फ 15 दिन ही काम करता है। व्यापार बंधुओं की बैठक में डीएम ने यह जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को ट्रांसपोर्टनगर को जल्द गीडा स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में डीएम राजीव रौतेला ने कहा कि ट्रांसपोर्टनगर पूरी तरह से गीडा में स्थापित किया जाएगा। गीडा के संपत्ति प्रबंधक एके सिंह ने बताया कि इसके लिए वहां 614 भूखंड आवंटित किए गए हैं। 384 ने कार्यालय भी बना लिए हैं। ट्रांसपोर्टनगर शिफ्ट कराने का जिम्मा एडीएम सिटी को सौंपा गया है। इस दौरान चोरी की बढ़ती घटनाओं का मुद्दा उठाने पर डीएम ने पुलिस अफसरों को रात में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि जिला अस्पताल में एमरजेंसी में दुर्घटनाग्रस्त लोगों का समुचित इलाज न कर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया जाता है, इस पर डीएम ने जिला अस्पताल को इस संबंध में निर्देश देने को आश्वस्त किया। बैठक में व्यापारी रमेश चंद्र गुप्ता, संजय सिंघानिया, नवल किशोर नथानी, अजय जायसवाल, योगेंद्रनाथ दुबे, मणि प्रसाद गुप्ता, प्रकाश नारायण पांडेय, आलोक चौरसिया के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन एडीएम प्रशासन प्रभुनाथ ने किया।
व्यापारियों ने ये मांगें भी कीं
- घोष कंपनी चौराहे से हट्ठीमाई स्थान तक सड़क का निर्माण
- भालोटिया मार्केट में सफाई कराने और कूड़ेदान रखने
- शहर के विभिन्न स्थलों पर पेशाबघर बनाने
- बेकरी के सामानों का सैंपल लेकर जांच कराने
- असुरन से गीता वाटिका रोड और शास्त्री चौक को ठेला मुक्त कराने