फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीं से आसमां तक दिखेगी गोरखपुर महोत्सव की छटा

Wed, 13 Dec 2017 08:08 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
गोरखपुर महोत्सव की जानकारी देते कमिश्नर और डीएम। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
पर्यटन, संस्कृति विभाग के साथ ही जिला प्रशासन 11 से 13 जनवरी तक आयोजित किए जाने वाले गोरखपुर महोत्सव को यादगार बनाने में जुटा है। महोत्सव की छटा इस बार जमीन से आसमां तक दिखाई पड़ेगी। कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही महोत्सव के दौरान जहां हाफ मैराथन होगी, वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चंपा देवी पार्क में पैरा मोटर ग्लाइडिंग का भी आयोजन किया जाएगा। शहर वासियों के लिए यह पहला मौका होगा जब उन्हें पैरा मोटर ग्लाइडिंग के करतब दिखाई पड़ेंगे। महोत्सव में आरपीएफ के रजही कैंप में शूटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलाें के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
विज्ञापन


बुधवार को महोत्सव के अध्यक्ष व कमिश्नर अनिल कुमार और उपाध्यक्ष व डीएम राजीव रौतेला ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को आयोजित होने वाली हाफ मैराथन सुबह सात बजे से रिजनल स्टेडियम से शुरू होगी। यह रेलवे बस स्टेशन, यूनिवर्सिटी, छात्र संघ चौराहा, पैडलेगंज, अमर उजाला तिराहा, देवरिया बाईपास, एलआईसी दफ्तर, भगत चौराहा, रामगढ़ताल , सहारा इस्टेट सिक्टौर चौराहा होते हुए फिर रिजनल स्टेडियम पर जाकर समाप्त होगी। महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल राम नाईक करेंगे, जबकि समापन के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। समापन कार्यक्रम गोरखनाथ मंदिर के स्मृति भवन सभागार में होंगे। महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों को तो मंच मिलेगा ही, नृत्य, संगीत, पेंटिंग, क्वीज समेत विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं में गोरखपुर व आस-पास के लोगों को अपनी मेधा का प्रदर्शन करने का भी मौका मिलेगा।

महिलाओं- बच्चों के लिए कई आयोजन
कमिश्नर और डीएम ने बताया कि महोत्सव में महिलाओं और बच्चों के लिए कई आयोजन होंगे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी विज्ञान प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध लेखन, क्विज, पेंटिंग, फैंसी ड्रेस, टैलेंट हंट समेत कई तरह की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। महिलाओं की सशक्त भागीदारी के मद्देनजर ट्रेडिशनल वुमेन इवेंट- एक्टीविटी का आयोजन होगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए बाल फिल्म महोत्सव का भी आयोजन होगा, जिसमें कई देशों की बाल फिल्में दिखाई जाएंगी।
विज्ञापन


तीन हजार बच्चे करेंगे योग
महोत्सव के दौरान 12 जनवरी को गोरखपुर यूनिवर्सिटी में करीब तीन हजार बच्चे एक साथ योग कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे।

11 से 17 तक शिल्प मेला भी
महोत्सव के अंतर्गत 11 से 17 जनवरी तक गोरखपुर यूनिवर्सिटी परिसर में कला, शिल्प एवं व्यंजन के प्रचार, प्रसार के लिए शिल्प मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न हस्त शिल्प स्टॉल, वाणिज्यिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा ऑटो मोबाइल एक्स्पो का भी आयोजन प्रस्तावित है। इस दौरान कृषि, फ्रूट एंड वेजीटेबल शो, पुष्प प्रदर्शनी समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भी स्टॉल लगाए जाएंगे। इसी तरह यूनिवर्सिटी में ही स्वामी विवेकानंद व महायोगी गुरु गोरक्षनाथ के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

महोत्सव की वेबसाइट लांच
कमिश्नर ने बताया कि गोरखपुर महोत्सव की वेबसाइट भी तैयार कर ली गई है। कोई भी प्रतिभागी इस वेबसाइट www.gorakhpurmahotsav.co.in पर अपना रजिस्ट्रेशन कराने के साथ ही महोत्सव से जुड़ी जानकारियां हासिल कर सकता है।जल्द ही महोत्सव का लोगो भी तैयार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें