इटवा(सिद्धार्थनगर)। मोबाइल फोन चार्ज में लगाते समय करंट की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के दुफेड़िया गांव का है। गांव निवासी वकील की पुत्री जहीरुन्निशा (21) मंगलवार दोपहर बाद मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए घर के विद्युत बोर्ड में चार्जर लगा रही थी। पिन लगाकर उसने जैसे ही स्वीच ऑन किया, वह करंट की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुन पहुंचे घर वालों ने विद्युत सप्लाई बंद कर उसे करंट से मुक्त कराया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा लाया जा रहा था, रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयदीप दुबे का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है।