ट्रक से कुचली छात्रा, छात्रों का उपद्रव
बस्ती। फोरलेन से सटे राजकीय पॉलीटेक्निक की छात्रा के ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद हाईवे पर तीन घंटे तक उग्र छात्रों ने बवाल मचाया। हाईवे जाम करके बैठे छात्रों को हटाने के लिए पुलिस की तमाम कोशिश बेकार गईं तो हल्का बल प्रयोग करने पर छात्रों ने जमकर पथराव किया। इस दौरान दो सीओ, 19 पुलिस और दो विद्यार्थी जख्मी हो गए।
छात्रों के उपद्रव के दौरान छात्राएं भी सड़क पर उतर गईं। इस पर पुलिस के लिए मुश्किलें बढ़ गईं। लाठीचार्ज और पथराव के बीच कई सरकारी और प्राइवेट गाड़ियों के शीशे भी टूटे, कई अन्य को चोटें आईं। हादसे वाले ट्रक में भी किसी ने आग लगा दी। गनीमत रही कि आग भड़कने से पहले बुझा दी गई क्योंकि बगल में पेट्रोलपंप होने से बड़ी तबाही हो सकती थी।
बवाल के दौरान एक छात्र और एक छात्रा को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया है। सीओ सिटी समेत 19 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए है। सभी का मेडिकल कराया जा रहा है। पुलिस वालों ने हंगामा करने वाले 28 छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया है। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि तीन घंटे तक फोरलेन पर आवागमन ठप करने और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के दरुआजब्ती निवासी निशा पुत्री बाल गोविंद चौधरी अपने मुंडेरवा क्षेत्र के खजवां निवासी मामा के घर रहकर राजकीय पॉलीटेक्निक में मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर रही थी। सोमवार की सुबह 9.30 बजे बाइक से वह कॉलेज जा रही थी। मंडी समिति से आगे पेट्रोलपंप से पहले चौराहे से वह कॉलेज की ओर मुड़ने लगी। इसी बीच साइड से चल रहे ट्रक की बाइक में ठोकर लग गई। दुर्भाग्य से निशा का सिर ट्रक के टायर के नीचे आ गया। छात्रा ने हेल्मेट भी नहीं पहन रखी थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस देर से पहुंची। उसके मृत घोषित होते ही छात्र फोरलेन पर पहुंचे और बवाल करने लगे। सूचना मिलने पर मुकामी थाने की पुलिस पहुंची लेकिन असहाय दिखी। हालात सामान्य होने की जगह बिगड़ने लगे तो एएसपी नरेंद्र कुमार सिंह, सीओ सिटी पवन गौतम, सीओ कलवारी अरविंद वर्मा के अलावा आसपास के तीन थानों की फोर्स पहुंच गई।