गोरखपुर।
मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन संकट के दौरान हुई मासूमों की मौतों के मामले में कुछ आरोपी रविवार को उच्च स्तरीय समिति के सामने पेश होंगे। सूत्रों की माने तो इन्हें बयान दर्ज कराने के लिए लखनऊ बुलाया गया है। माना जा रहा है कि इनके बयान के बाद समिति की जांच पूरी हो जाएगी। इसके बाद शासन मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठा सकता है।
मेडिकल कॉलेज सूत्रों के मुताबिक आरोपियों को उच्च स्तरीय समिति ने अपने सम्मुख पेश होने के लिए कहा है। रविवार को एक आरोपी चिकित्सक को लखनऊ बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि अन्य आरोपी भी तलब किए गए हैं। समिति गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में जांच करने पहुंची थी। तब वहां मौजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों से घटना को लेकर बात की थी। इस दौरान कई आरोपी भूमिगत थे। इनको अब समिति ने लखनऊ पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि इसके बाद समिति अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंप सकती है।
---
कार्रवाई को लेकर आरोपियों में दहशत
मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ कह चुके हैं कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करेंगे जो मिसाल बनेगी। सीएम के इस बयान के बाद उनके तेवर से वाकिफ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के सभी आरोपियों में दहशत है। शनिवार को भी संभावित कार्रवाई को लेकर परिसर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।