पौली(संतकबीरनगर)। बारिश से धनघटा क्षेत्र के गौवापार गांव में मंगलवार दोपहर में दीवार गिर गई। इसके नीचे दबने से महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। शोर सुनकर लोग जुटे और दंपती को मलबे से निकाला। गांव वाले घायल को उपचार के लिए पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। गौवापार निवासी छबिलाल (66) और पत्नी पियारी देवी(65) कच्ची दीवार के सहारे रखे छप्पर में बैठे हुए थे। दोपहर में तेज बारिश हुई तो कच्ची दीवार भरभरा कर दंपती के ऊपर गिर गई। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और मलबा हटा कर दंपती को बाहर निकाला। गांववालों ने बताया कि पियारी देवी की मलबे के नीचे दब जाने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि छबिलाल घायल होकर तड़प रहे थे। दंपती के पास कोई औलाद नहीं है। उनकी देखभाल भतीजा राजू करता है। छबिलाल का इलाज इलाज पौली में एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां चल रहा है।