कुशीनगर। बाराबंकी में ट्रक और डीसीएम में हुई टक्कर में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के खुदरा अहिरौली गांव के 14 वर्षीय एक किशोर की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार की देर रात शव घर लाया गया तो मृतक के घरवालों ने उसे लेने से इनकार कर दिया। ये लोग दुर्घटना के लिए डीसीएम चालक को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। बाद में पुलिस और गांववालों के काफी समझाने पर सुलह समझौता हुआ और उसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
खुदरा अहिरौली गांव निवासी डीसीएम चालक ललित राय तीन जुलाई को डाला से गिट्टी लाने गए थे। उनके साथ गांव का ही संजीव उर्फ हीरो पटेल भी गया था। वापसी में बाराबंकी के असंदरा थाना क्षेत्र के भिटरिया मार्ग पर देवीपुर चौराहे पर खड़े बालू लदे ट्रक से डीसीएम टकरा गया। दुर्घटना में संजीव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार की देर रात शव गांव लाया गया लेकिन घटना से नाराज परिवारीजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उनका आरोप था कि डीसीएम चालक बिना उन्हें बताए 14 वर्षीय संजीव को ट्रक पर लेकर चला गया था और दुर्घटना के बाद भी सही जानकारी नहीं दी गई। इसकी जानकारी होने पर एसआई अमरेंद्र कन्नौजिया पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। एंबुलेंस के साथ लाए गए कागजात के आधार पर मामला दुर्घटना का साबित हुआ तो प्रबुद्धजनों की पहल पर समझौता के बाद मृतक के परिवारीजनों ने शव लिया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान किसान पीजी कॉलेज के पूर्व प्रबंधक बृजेश राय, जिला पंचायत सदस्य मनोज गुप्ता, हियुवा के तहसील संयोजक लाल बिहारी पटेल, अनिरुद्ध पटेल आदि मौजूद रहे।