पुतला जलाते तहफ्फुज-ए-औकाफ कमेटी के सदस्य।
- फोटो : Amar Ujala
तहफ्फुज-ए-औकाफ कमेटी के सदस्यों ने रविवार को शास्त्री चौक पर प्रदर्शन किया और मियां साहब अदनान फर्रुख अली शाह और उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष जफर फारूकी का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने सीएम को ज्ञापन भेजकर उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड भंग करने और नाजायज तरीके से बोर्ड अध्यक्ष द्वारा बनाई गई प्रॉपर्टी की जांच कराकर दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग भी की।
कमेटी के सचिव तबरेज खान सिमनानी ने प्रदेश सरकार की ओर से वक्फ बोर्ड को भंग करने की दिशा में किए गए प्रयास और सीबीआई जांच की सिफारिश का समर्थन किया। कहा कि कमेटी का मानना है कि बोर्ड अध्यक्ष जफर फारूकी ने नाजायज तरीके से 90 करोड़ की जो संपत्ति बनाई है, उसमें अदनान फर्रुख शाह का भी पूरा हाथ है। इसलिए उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। बोर्ड के पदाधिकारियों के सभी फैसलों को निरस्त कर इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। कमेटी के कोषाध्यक्ष राजिक खान और उपाध्यक्ष इरफानुल्ला मुगल ने मियां साहब और जफर फारूकी को कौम का लुटेरा बताया। प्रदर्शन के दौरान इन दोनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।