गोरखपुर। 41.3 डिग्री पारा व चुभती गर्म हवा। अक्सर जिन बाजारों में भीड़ दिखती है, वहां सन्नाटा था। सड़क पर चंद लोग ही नजर आए। जो घर से बाहर निकले चुके थे वो छांव की तलाश में थे। रविवार को शहर का नजारा कुछ ऐसा ही था। कर्फ्यू सा यह दृश्य सूरज की तपिश के कारण नजर आया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस सप्ताह सूरज के तेवर ऐसे ही तल्ख रहेंगे।
रविवार सुबह पुरवा चलने से थोड़ी राहत जरूर थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ ही तापमान में इजाफा होता गया। दोपहर में तापमान 40 डिग्री पार कर गया। अपराह्न करीब तीन बजे पारा चढ़कर 41.3 हो गया। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ गर्म हवा चलने से लू जैसी स्थिति हो गई। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि अगले चार पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। तापमान के 42 डिग्री तक पार हो जाने की संभावना है।
:: कुछ यूं बढ़ा तापमान
23 अप्रैल 34.9
24 अप्रैल 37.3
25 अप्रैल 39.6
26 अप्रैल 40.0
27 अप्रैल 40.8
28 अप्रैल 41.3