गोरखपुर। गोरखधाम एक्सप्रेस की जनरल बोगियों में बुधवार से 40 सीटें कम हो जाएंगी। अत्याधुनिक सुविधाओं वाले एलएचबी (लिंके हॉफमैन बुश) कोच लगने से रैक की लंबाई बढ़ जाएगी, जिसके चलते दो कोच कम लगाए जाएंगे। दिल्ली जाने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ इसी ट्रेन में होती है। जनरल बोगी में चढ़ने के लिए चार घंटे पहले से ही यात्री लाइन में लग जाते हैं। सीटें घटने से यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ेंगी।
एलएचबी कोच लगने से यात्रियों को सुविधाएं अच्छी मिलेेंगी। बेहतर सीटें, टॉयलेट और आरओ का पानी भी मिलेगा। रेल प्रशासन के शेड्यूल के मुताबिक अभी जनरल की सात बोगियां लगाई जाती हैं। एक बोगी में 90 सीटें होती हैं। बुधवार से एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। एक एलएलएचबी कोच में 10 सीटें होगी, लेकिन बोगियां पांच ही लगेंगी। इस हिसाब से पहले से 40 सीटें जनरल की कम हो जाएंगी। यह व्यवस्था अभी एक रेक में शुरू होगी। बाकी दो रेक में पुरानी व्यवस्था के हिसाब से ही जनरल के सात कोच लगाए जाएंगे। एलएचबी कोच लगने के बाद साधारण श्रेणी के पांच, कुर्सीयान श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के आठ, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का एक तथा जनरेटर सह लगेज यान के दो सहित 22 कोच लगाए जाएंगे।