फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम मोदी ने देश के एक करोड़ एक लाख से ज्यादा किसानों के खाते में भेजे दो हजार 21 करोड़

Mon, 25 Feb 2019 01:14 AM IST
ajay Kumar अमर उजाला/गाोरख्ापुर
विज्ञापन
नरेंद्र मोदी
विज्ञापन

विज्ञापन
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को खाद कारखाना मैदान से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की। उन्होंने देश के 21 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के एक करोड़ एक लाख छह हजार आठ सौ अस्सी किसानों के बैंक खाते में दो हजार 21 करोड़ रुपये की पहली किस्त भेजी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन किसानों के बैंक खातों में पहली किस्त की रकम नहीं पहुंची है, उन्हें कुछ सप्ताह में मिल जाएगी। कहा कि हमारी नीयत साफ थी। योजना बनाई और बजट का प्रावधान किया। अब रकम बैंक खातों में भेज दी। जबकि विपक्ष में बैठे महामिलावटी लोगों की नीयत साफ नहीं थी। कर्जमाफी के नाम पर वह बार-बार किसानों को छलते रहे हैं।

किसान रैली में आए प्रधानमंत्री ने एक घंटा तीन मिनट तक अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो कांग्रेस को कई बार निशाने पर लिया। सपा-बसपा पर भी निशाना साधा और गठबंधन को महामिलावटी बताया। करीब 9888 करोड़ की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु गोरक्षनाथ की नगरी के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। गुजरात के कांडला से गोरखपुर के बीच दुनिया की सबसे बड़ी एलपीजी गैस पाइप लाइन का शिलान्यास किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने कहा कि बार-बार झूठ बोलने और अफवाह फैलाने वाले विपक्ष में बैठे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। कहा कि सम्मान निधि योजना की रकम बाद में वापस लेने की अफवाह फैलाई जा रही है। देश के 12 करोड़ किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। यह उनका हक है। सभी को हर साल पूरा पैसा मिलेगा। इसे कोई वापस नहीं ले सकता है। 10 साल में साढ़े सात लाख करोड़ रुपये किसानों के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। इसमें जाति, मजहब नहीं देखी जाएगी। भाजपा सरकार का मूल मंत्र सबका साथ सबका विकास है। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है।

कर्जमाफी का फैसला आसान पर मोदी ऐसा पाप नहीं करेगा

पीएम मोदी ने कहा कि कर्जमाफी का फैसला आसान था। चुनाव से पहले ऐसा खेल कर सकते थे लेकिन मोदी यह पाप नहीं करेगा। कर्जमाफी का लाभ सिर्फ कांग्रेस के चेले-चपाटों को मिलता है। कर्जमाफी के नाम पर कांग्रेस ने बड़ा घोटाला किया था। तीन करोड़ किसानों की कर्जमाफी का दावा किया था। इसमें से 35 लाख लोग ऐसे थे, जिनका खेती-किसानी से कोई नाता नहीं था। किसानों की समृद्धि की योजना बनाई तो महामिलवाटी लोगों के चेहरे गिर गए। निराशा से मरे पड़े थे। देश के सुविधा-संसाधन पर पहला हक किसान, गांव और गरीब का है। यह योजना चलती रहेगी। किसी के कहने से सूची में नाम बढ़ाया या घटाया नहीं जाएगा।

कर्जमाफी का नुकसान और सम्मान निधि का फायदा गिनाया

खचाखच भरे रैली स्थल पर पीएम मोदी ने कर्जमाफी का नुकसान और सम्मान निधि योजना का फायदा बताया। किसानों से हामी भरवाई, फिर कहा कि चुनाव नजदीक आता है तो एक नेता को कर्जमाफी का भूत पकड़ लेता है। 2008 में किसानों पर छह लाख करोड़ रुपये कर्ज था लेकिन कर्जमाफी सिर्फ 52 हजार करोड़ रुपये की हुई। सभी किसानों का कर्ज माफ होना चाहिए था। यह किसानों के साथ धोखा है, जो मोदी नहीं कर सकता है। कर्जमाफी का लाभ सिर्फ 10 फीसदी किसानों को मिलता है। पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ 90 फीसदी किसानों को मिलेगा। सत्ता का सुख भोगने वालों ने किसानों को सशक्त बनाने का काम ईमानदारी से नहीं किया। ऐसा होता तो किसान को ऋण लेने की जरूरत नहीं पड़ती। किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने से काम नहीं चलेगा। आपके पाप और बेईमानी ने किसानों को तबाह कर दिया।

गैर भाजपा शासित राज्यों को चेताया

पीएम मोदी ने गैर भाजपा शासित राज्य सरकारों को चेतावनी भी दी। कहा कि दो हेक्टेयर (पांच एकड़) क्षेत्रफल के किसानों की सूची जल्द ही केंद्र सरकार को उपलब्ध कराई जाए। कुछ राज्य सरकारों की नींद अभी नहीं टूटी है। किसानों के साथ राजनीति करना अच्छा नहीं है। सूची समय से नहीं मिली तो किसानों की नाराजगी आपकी राजनीति तहस-नहस कर देगी। प्रधानमंत्री ने यूपी, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात सहित कई राज्य सरकारों की तारीफ की। कहा कि पूरी रकम केंद्र सरकार को देनी है। राज्य सरकारें किसानों की सूची तैयार करके ग्राम पंचायतों में प्रदर्शित करें। फिर पीएम किसान सम्मान निधि पोर्टल पर सूची उपलब्ध कराएं।

पंजा अब 85 पैसा नहीं मार पाएगा

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब पंजा 85 पैसा नहीं मार पाएगा। एक प्रधानमंत्री कहते थे कि विकास योजना का एक रुपया जाता है लेकिन 15 पैसे से काम होता है। 85 पैसा भ्रष्टाचार में चला जाता है। अब ऐसा नहीं है। नई नीति और नई रीति वाला भारत है। अब बिचौलियों और दलालों का खेल खत्म हो गया। सब्सिडी किसानों के बैंक खाते में सीधे भेजी जा रही है। सम्मान निधि की रकम भी किसानों के खाते में भेजी जा रही है।

मछली पालन का अलग मंत्रालय

पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आदिवासियों के कल्याण के लिए अलग मंत्रालय बनाया था, वैसे ही वर्तमान की भाजपा सरकार ने मछली पालन का अलग मंत्रालय बनाने का फैसला किया है। यह मंत्रालय मछली पालन से संबंधित नियम, कानून बनाएगा। मछली पालन को रोजगार से जोड़ने का काम करेगा। इसका फायदा समुद्र, नदी के किनारे रहने वालों को मिलेगा।

अन्नदाता होंगे ऊर्जादाता

पीएम मोदी ने कहा कि अब अन्नदाता ऊर्जादाता भी बनेगा। देश के 17 लाख किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें से 10 लाख सोलर पंप को पॉवर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। जो बिजली बचेगी, वह सरकार खरीद लेगी। इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। दो और पांच किलोवाट के सोलर पंप लगाने का निर्णय हुआ है। अब किसानों को सिंचाई के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। बिजली बिल भी कम आएगा।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें