कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसिया में छात्राओं से व्यवस्था का हाल जानती जांच टीम और विधायक।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़। हमारे खान पान का ध्यान नहीं रखा जाता है। व्यवस्था भी बेहतर नहीं है। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसिया में शनिवार को 11 छात्राओं के बेहोश होने के मामले की जांच करने पहुंची टीम और स्थानीय विधायक से छात्राओं ने यह बात कही। वहीं विधायक ने तीन सदस्यीय जांच को बदलने के लिए डीएम से वार्ता करने की बात भी कही।
शनिवार रात में कक्षा आठ की सरिता व कक्षा छह की विंद्रावती बेहोश हो गईं थी। वार्डेन संध्या पासवान ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले गईं। यहां छात्राओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, शनिवार को दिन में विद्यालय की नौ छात्राएं बेहोश हुईं थीं। रविवार को स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक ने अपनी निधि निधि से आरओ लगवाने के लिए कहा। इसके साथ ही छात्राओं के स्वास्थ्य से लापरवाही बरतने वाले एकाउंटेंट पर कार्रवाई के लिए विधायक ने बीएसए से कहा। डीएम के निर्देश पर डॉ. प्रशांत अस्थाना, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरजेश दूबे, बीएसए राम सिंह जांच को स्कूल पहुंचे। बीएसए ने कहा कि टीम जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। लापरवाह एकाउंटेंट (लेखाकार) के बारे में पूछने पर बीएसए ने चुप्पी साध ली। वहीं शनिवार रात डीएम और सीडीओ ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर बच्चियों को हाल जाना था। वहीं वार्डेन संध्या पासवान और एकाउंटेंट नितेश गुप्ता को शनिवार रात ही बीएसए कार्यालय से अटैच कर दिया गया है।
13 बालिकाएं ही उपस्थितः कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसिया में शनिवार को बारी-बारी से 11 बच्चियां बेहोश हो गई थी। जानकारी के बाद घरवाले विद्यालय पहुंचे और बच्चियों को साथ लेकर घर चले गए। इंचार्ज वार्डेन प्रीति जायसवाल ने बताया कि बच्चियों के बेहोश होने का कोई ठोस कारण पता नहीं चल सका है। परिजन सहमे हुए हैं। ऐसे में वे बच्चों को अपने साथ घर लेकर चले गए। वर्तमान में पंजीकृत 74 के सापेक्ष 13 बच्चियां विद्यालय में उपस्थित हैं।