गोरखपुर। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज जाने वालों के लिए रेल प्रशासन कुंभ स्पेशल 30 ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें गोरखपुर और भटनी स्टेशन से चलाई जाएंगी। ट्रेनों का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की मदद के लिए रेल प्रशासन अलग से काउंटर लगाएगा। इसके अलावा सभी ट्रेनों की सूचना एक दिन पहले से ही प्रसारित की जाएगी। कुंभ मेले के मद्देनजर पूर्वोत्तर रेलवे ने 131 मेला स्पेशल ट्रेनें चला रखी हैं। रैक के लिए नरकटियागंज रूट की 15 पैसेंजर ट्रेनें निरस्त की गई हैं। वहीं कुछ ट्रेनों के कोच अतिरिक्त रूप से रखे गए हैं। अभी 18 ट्रेनें गोरखपुर से और 12 ट्रेनें भटनी से चलाने की तैयारी की है। गोरखपुर के स्टेशन प्रबंधक पीके अस्थाना ने बताया कि मौनी अमावस्या पर भीड़ बढ़ने पर और ट्रेनें चलाई जाएंगी।