छापेमारी में बरामद किया गया पॉलिथीन
गोरखपुर। प्रतिबंध के बाद भी पॉलीथिन बैग का कारोबार करने पर साहबगंज के व्यापारी अनुराग गोयल के खिलाफ कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने केस नगर निगम के सफाई निरीक्षक की तहरीर पर दर्ज किया है। पॉलीथिन पर प्रतिबंध के बाद गोरखपुर में पहली बार इस तरह की कार्रवाई हुई है।
प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त 2018 से पॉलीथिन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट अजीत कुमार सिंह और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी मुकेश रस्तोगी के नेतृत्व में पिछले महीने साहबगंज मंडी में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया गया था। इस दौरान कारोबारी अनुराग गोयल के वहां बड़े पैमाने पर पॉलीथिन बरामद की गई। पॉलीथिन जब्त कर अनुराग को दोबारा इसका कारोबार न करने की चेतावनी दी गई। नौ जनवरी को दोबारा जांच में कारोबारी के वहां से फिर नौ क्विंटल पॉलीथिन बरामद हुई। मामले में सफाई निरीक्षक महेश कुमार की तहरीर पर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। पॉलीथिन के खिलाफ अभियान में यह अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई है। अभी जांच के दौरान पॉलीथिन मिलने पर जब्त कर जुर्माना लगाया जाता था।