फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सदन में गूंगे बैठने वाले हमें सांप-छछूंदर बोल रहे हैं : अखिलेश

Wed, 07 Mar 2018 07:33 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
सभा को संबाेधित करते अखिलेश यादव। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
गोरखपुर, फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा-बसपा के बीच आपसी तालमेल पर उठाए गए सवालों और विधान परिषद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हमलों पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को तीखा पलटवार किया। चंपादेवी पार्क की जनसभा में अखिलेश ने कहा कि जो हमें सांप-छछूंदर बोल रहे हैं, वे कभी सदन (संसद) में गूंगे बनकर बैठे रहते थे। टीवी पर उन्हें देशवासियों ने आंसू बहाते देखा है। हमने गांव, गली और मुहल्लों में लैपटॉप बांटे, फिर भी उन्हें चोर-चोर मौसेरे भाई नजर आ रहे हैं। अखिलेश का यह जवाब मुख्यमंत्री योगी के उस बयान के संदर्भ में आया है, जिसमें उन्होंने सपा-बसपा के आपसी तालमेल को सांप-छछूंदर जैसा बताया था। कहा था कि चोर-चोर मौसेरे भाई हैं।

विज्ञापन

लोकसभा उपचुनाव में बसपा, रालोद, वामपंथी पार्टियों से आपसी तालमेल के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को पहली बार गोरखपुर आए और जनसभा करके सभी राजनीतिक दलों को धन्यवाद दिया। कहा कि यह चुनाव देश, दुनिया को संदेश देने वाला है। ऐसा पहली बार हुआ, जब कई पार्टियों ने सपा को समर्थन दिया है। अखिलेश ने पहले प्रदेश सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि एक साल हो गया लेकिन कोई काम धरातल पर नहीं दिख रहा है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बच्चे अब भी मर रहे हैं। वह (मुख्यमंत्री योगी) कहते हैं हम हिंदू हैं। उनसे पूछना चाहते हैं कि हम क्या हैं? क्या वो जाति, धर्म के नाम पर ही चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। सपा ने जाति, धर्म की राजनीति कभी नहीं की है।


मुख्यमंत्री योगी के विधान परिषद में दिए गए बयान पर भी अखिलेश ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नेता विपक्ष रामगोविंद चौधरी के बारे में जो कुछ कहा गया, वह सामान्य शिष्टाचार की श्रेणी में नहीं आता है। वो कहते हैं कि लाल टोपी डूबा देंगे लेकिन इस तरह की भाषा का प्रयोग हमने कभी नहीं किया। सपा सरकार में किसी थाने पर यादव दरोगा होता था तो उसे हमारा रिश्तेदार बताया जाता था। अब लखनऊ से गोरखपुर तक थानों में किसकी तैनाती है। साथ ही सवाल किया कि किसकी देखरेख में भ्रष्टाचार हो रहा है। भ्रष्टाचार में इजाफे की बात यूपी सरकार के कई मंत्री कह चुके हैं। कर्ज से दबे बुंदेलखंड के किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार कह रही किसानों का कर्ज माफ कर दिया। उन्होंने शिक्षामित्रों के जख्म पर मरहम भी लगाया और कहा कि हक मांगने पर लाठी दी गई। तमाम शिक्षामित्रों ने जान दे दी है। इस जिम्मेदारी से सरकार नहीं बच सकती है।

विज्ञापन

भाजपा के सभी काम जुबानी
पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता को आगाह करते हुए कहा कि भाजपा उपचुनाव की लड़ाई को दिमाग से लड़ रही है। सभी काम जुबान तक सीमित हैं। सरकार जनता को गुमराह कर रही है। सपा सरकार ने बिजली का जो इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया था, उसी बदौलत शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। गोरखपुर एम्स की जमीन सपा सरकार ने दी थी, जिसका बाउंड्रीवाल अभी तक नहीं बनवाया जा सका।
 

जनता की गाढ़ी कमाई लुटा रही केंद्र सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र की भाजपा सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जो वादे किए गए थे, वो पूरे नहीं हो सके हैं। जनता की गाढ़ी कमाई लुटाई जा रही है। किसान, नौजवान और आम आदमी परेशान हैं। बैंकों में बड़ा घोटाला हुआ और घोटालेबाज देश छोड़कर भाग गए। इसकी जवाबदेही भी भाजपा सरकार लेने को तैयार नहीं है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें