बैतालपुर के ऑयल डिपो में पटरी से उतरा इंजन
कुशीनगर में चटकी पटरी से गुजरी सप्तक्रांति एक्सप्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया/कुशीनगर। बैतालपुर स्थित इंडियन ऑयल डिपो में शनिवार को वैगन छोड़कर स्टेशन पर जा रही ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। जिसे काफी मशक्कत से डिपो और रेलकर्मी पटरी पर ला पाए। वहीं कुशीनगर में खड्डा व गुरली रामगढ़वा के बीच चटकी रेल पटरी से सुपरफास्ट सप्तक्रांति एक्सप्रेस गुजर गई। बाद में इसकी जानकारी होने पर विभाग में हड़कंप मच गया। ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया। करीब एक घंटे बाद ट्रैक की मरम्मत करके ट्रेनों को गुजारा गया।
बैतालपुर में शनिवार देर शाम इंडियन ऑयल डिपो में 14 वैगन डीजल और 11 वैगन पेट्रोल लेकर ट्रेन पहुंची। वैगन को छोड़कर जब चालक ने इंजन आगे बढ़ाया, तभी वह पटरी से उतर गया। इसके बाद डिपो और रेलवे कर्मचारियों की काफी मशक्कत से इंजन को स्टेशन लाया गया। पटरी को देर रात तक ठीक कराया गया।
कुशीनगर में सुबह करीब सवा छह बजे आनंद विहार से मुजफ्फरपुर जा रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस सिसवा से खड्डा आ रही थी। इसके पीछे ही कीमैन सुमित कुमार ट्रैक की पेट्रोलिंग करते हुए आ रहे थे। गुरली रमगढ़वा के पास पटरी क्रेक देखकर कीमैन के होश उड़ गए। क्योंकि कुछ ही मिनट पहले इसी ट्रैक से सप्तक्रांति गुजरी थी। कीमैन ने तुरंत रेलवे अफसरों को इसकी जानकारी दी। तत्काल इस ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी को रोक दिया गया, बापू धाम एक्सप्रेस को खड्डा स्टेशन पर रोका गया। पटरी को एक घंटे में ठीक कराकर ट्रेनों का आवागमन शुरू किया गया।