फोन पर तलाक, पीड़िता पहुंची सीएम दरबार
मुख्यमंत्री ने पिपराइच की तैबुन्निशा को न्याय का भरोसा दिलाया
गोरखपुर।
सुप्रीमकोर्ट के तीन तलाक को अवैध ठहराने के बाद भी इस पर रोक नहीं लग रही है। अपने तीन बच्चों को लेकर मंगलवार को सीएम से मिलने पहुंची पीड़िता ने बताया कि विदेश में रहने वाले उसके पति ने फोन पर ही तलाक दे दिया है। मुख्यमंत्री ने उसे न्याय दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
निकाय चुनाव के प्रचार के सिलसिले में गोरखपुर में मौजूद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मंगलवार की सुबह फरियादियों से मुलाकात की। इस दौरान करीब तीन सौ से अधिक लोगों ने सीएम को अपनी परेशानी बताई। पिपराइच की रहने वाली तैबुन्निशा ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनका पति विदेश रहता है और उसने कुछ दिन पहले फोन पर तलाक दे दिया। अब वह तीन बच्चों को लेकर दर-दर भटक रही है। थाने के कई चक्कर लगाने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली तो यहां आई है। मुख्यमंत्री ने तैबुन्निशा को भरोसा दिलाया कि उसके साथ अन्याय नहीं होने पाएगा।
पति की मौत के बाद घर से बेदखल की गई राबिया
शहर के इलाहीबाग की रहने वाली राबिया की शादी 2009 में स्पोर्ट कॉलेज के पास स्थित हमीदुल्लानगर निवासी अनवर से हुई थी। चार माह पूर्व अनवर की कैंसर से मौत हो गई। राबिया ने सीएम को बताया कि पति के मरते ही सास-ससुर ने उसे घर से निकाल दिया। तीन बच्चों को लेकर वह दर-दर की ठोकर खाने के लिए मजबूर है। सीएम ने राबिया को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।