मजीठिया भवन में रोजगार के लिए परीक्षा देते विद्यार्थी।
- फोटो : Amar Ujala
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के मजीठिया भवन में बुधवार को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण के साथ मिलकर परास्नातक विद्यार्थियों और शोधार्थियों को रोजगार मुहैया कराने के लिए परीक्षा आयोजित कराई। इसमें करीब 233 परीक्षार्थी शामिल हुए।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि यह संगठन विद्यार्थियों के लिए रोजगार का सृजन का काम करता है। संस्था परीक्षा के जरिए राजस्थान, कर्नाटक, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पुदुचेरी और मध्य प्रदेश में विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया कराएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से छात्रों के कल्याण के लिए ऐसे कई कार्यक्रम और परीक्षाएं समय-समय पर कराई जाती रहेंगी। पूरी कोशिश है कि विद्यार्थियों का बौद्धिक और व्यावसायिक विकास सुनिश्चित कर उनके लिए रोजगार की राह आसान बनाई जाए।
बुधवार को हुई परीक्षा में अंग्रेजी से छह, गणित से 10, इतिहास से 36, जंतु विज्ञान से 15, वनस्पति विज्ञान से छह, भूगोल से 53, भौतिकी से एक, राजनीति शास्त्र से 12, रसायन शास्त्र से 49, हिंदी से 43 और समाजशास्त्र से दो विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा के दौरान चीफ प्रॉक्टर प्रो. गोपाल प्रसाद, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. विनोद सिंह, प्रो. विनय सिंह आदि मौजूद रहे।