गोरखपुर।
तुम जो मिल गए हो... राजीव नगर मोहल्ले के अभिनव ने दिल्ली में सुर तरंग प्रतियोगिता के मंच पर जब यह तराना छेड़ा तो मशहूर गायक सोनू निगम भी झूम उठे। सोनू के साथ वहां मौजूद लोग भी इस ‘जूनियर रफी’ की आवाज के जादू में खो गए। अपनी शानदार गायकी से अभिनव पांडेय सब जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान लाने में कामयाब हुए।
16 से 18 सितंबर को दिल्ली के श्री फोर्ट ऑडिटोरियम में रंगबिरंगी रोशनी से नहाए मंच पर संगम कला ग्रुप की ओर से आयोजित अखिल भारतीय गायन प्रतियोगिता सुर तरंग में देशभर के 600 कलाकारों ने हिस्सा लिया। नवोदित गायक अभिनव ने गायकों की इस भीड़ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सब जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान हासिल करके गोरखपुर का नाम रोशन किया। जज भजन गायक कुमार विशु, कथक नृत्यांगना नलिनी कमलिनी ने फाइनल राउंड में अभिनव की ओर से गाए मोहम्मद रफी के गाने को सराहा और उन्हें दूसरा स्थान दिया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पार्श्व गायक सोनू निगम ने अभिनव को बेहतरीन परफार्मेंस के लिए स्मृतिचिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
तीन महीने से सीख रहे थे बारीकियां
अभिनव संगम कला ग्रुप के उत्तर प्रदेश के चैप्टर हेड एवं गोरखपुर के चैप्टर हेड कृष्णा पटेल के निर्देशन में पिछले तीन माह से संगीत की बारीकियां सीख रहा था। कृष्णा पटेल का कहना है कि अभिनव में असीम संभावना है।
शास्त्रीय संगीत पर भी मजबूत पकड़
उपेंद्र पांडेय एवं बीना पांडेय के पुत्र अभिनव छोटी उम्र से ही शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अभिनव की सफलता पर गोरखपुर चैप्टर की सचिव सुनैना सिंह समेत उनके ताऊजी महेंद्र पांडेय और ताई सीमा पांडेय ने शुभकामना दी।