गोरखपुर। शहर में मेधावियों की कोई कमी नहीं है। समय-समय पर यहां की प्रतिभाओं ने विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस फेहरिस्त में सारिया अब्बासी का भी नाम जुड़ गया है। हाल ही में वह चेन्नई स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट से ट्रेनिंग पूरा कर लेफ्टिनेंट बनी हैं। आकाशवाणी के उपनिदेशक डॉ. तहसीन अब्बासी की बेटी सारिया ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई जीएन पब्लिक स्कूल से की है।
डॉ. तहसीन ने बताया कि 2015 में आईएमएस गाजियाबाद से बीटेक करने के बाद सारिया को दिल्ली की कार्ड लाइफ कंपनी में जॉब मिली, मगर उसका मन जॉब में नहीं लगा। वह डिफेंस सेक्टर में जाना चाहती थी। उसी साल उसने संघ लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सीडीएस की परीक्षा दी। इसमें उसे गर्ल्स की ऑल इंडिया रैंकिंग में 20वीं रैंक मिली, फिर भी उसका चयन नहीं हो सका। सारिया ने हिम्मत हारने के बजाय पूरे मनोयोग से परीक्षा की तैयारी की और अगले साल 2016 में सीडीएस में उसका चयन हुआ। सारिया के परिवार में पिता के अलावा मां शिक्षिका रेहाना अब्बासी और छोटा भाई तमसील अब्बासी हैं।